राज्यसभा में पहली बार आए अमित शाह, बैठे मोदी के पास

शुक्रवार, 15 दिसंबर 2017 (23:04 IST)
नई दिल्ली। संसद के शीतकालीन सत्र के पहले दिन शुक्रवार को भाजपा के अमित शाह ने राज्यसभा में आकर अपनी संसदीय यात्रा की शुरुआत की। उन्हें सत्तापक्ष की अग्रिम पंक्ति में कोने की वह सीट आवंटित की गई है, जो प्रधानमंत्री की नियत सीट के सबसे नजदीक है।
 
 
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी आज कुछ समय के लिए सदन में आकर बैठे। उन्होंने अपनी सीट पर बैठते ही मुस्कुराते हुए शाह का अभिवादन किया। शाह ने भी हाथ जोड़कर उनका स्वागत किया। शाह इससे पहले जब सदन में आए तो सत्तापक्ष के कई सदस्यों एवं कुछ मंत्रियों ने खड़े होकर उनक स्वागत किया। कुछ सदस्यों ने मेजें थपथपाईं, जबकि अन्य ने मुस्कुराते हुए उनका अभिवादन किया।
 
इसके बाद वे सीधे अपनी नियत सीट पर गए। उनके साथ उपभोक्ता मामलों के मंत्री रामविलास पासवान और सामाजिक न्याय मंत्री थावरचंद गहलोत बैठे थे। सदन में सत्तापक्ष की अग्रिम पंक्ति की पहली दो सीटों पर क्रमश: सदन के नेता एवं प्रधानमंत्री बैठते हैं। इसके बगल की अग्रिम पंक्ति में चार सीटें हैं, जिनमें सरकार के वरिष्ठ मंत्री बैठते हैं। इन्हीं चारों सीटों में से पहली सीट पर शाह बैठे थे।
 
 
शाह सदन में बैठने के दौरान काफी समय तक किसी कागजात पर कुछ लिखते दिखाई दिए। भाजपा अध्यक्ष का नाम राज्यसभा के रिकॉर्ड में अमित अनिलचंद्र शाह के रूप में दर्ज है। वे गत 19 अगस्त को राज्यसभा के सदस्य बने थे और उच्च सदन में वे गुजरात का प्रतिनिधित्व करेंगे। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी