Amit Shah की बड़ी बहन राजेश्वरी बेन का निधन, गृहमंत्री के 2 दिन के कार्यक्रम कैंसल

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

सोमवार, 15 जनवरी 2024 (15:00 IST)
Amit Shah's elder sister passes away : केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह (Amit Shah) की बड़ी बहन राजेश्वरीबेन शाह (Rajeshwariben Shah) का सोमवार को मुंबई के एक अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के एक पदाधिकारी ने यह जानकारी दी। राजेश्वरीबेन करीब 60 साल की थीं।
 
पदाधिकारी ने बताया कि अमित शाह ने अपनी बहन के निधन के बाद गुजरात में निर्धारित अपने आज के सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं। उन्होंने बताया कि राजेश्वरीबेन का स्वास्थ्य पिछले कुछ समय से ठीक नहीं था और मुंबई के एक अस्पताल में उनका इलाज जारी था, जहां उन्होंने सोमवार तड़के अंतिम सांस ली।
 
उन्होंने कहा कि अपनी बीमार बहन के निधन के बाद शाह ने अपने आज के सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं। राजेश्वरीबेन का पार्थिव शरीर आज सुबह यहां उनके आवास पर लाया गया और उनका अंतिम संस्कार बाद में थलतेज श्मशान में किया जाएगा। शाह गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। वे भाजपा समर्थकों के साथ मकर संक्रांति मनाने के लिए रविवार से अहमदाबाद में थे। उन्हें सोमवार को बनासकांठा और गांधीनगर जिलों में 2 कार्यक्रमों में शामिल होना था।(भाषा)
 
Edited by: Ravindra Gupta

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी