केजरीवाल के 3 यार, दारू, घोटाले और भ्रष्टाचार : अनुराग ठाकुर

शुक्रवार, 25 नवंबर 2022 (23:05 IST)
नई दिल्ली। केन्द्रीय सूचना एवं प्रसारण तथा खेल एवं युवा कार्यक्रम मंत्री अनुराग ठाकुर ने दिल्ली एमसीडी चुनावों में शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार करते हुए केजरीवाल सरकार पर तीखा हमला किया।

ठाकुर कहा, आज दिल्ली में अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी की सरकार अराजकता की पर्याय बन गई है। केजरीवाल सरकार के तीन यार हैं, दारु, घोटाले और भ्रष्टाचार। अरविंद केजरीवाल एमसीडी को लेकर मुंगेरी लाल के सपने देख रहे हैं।

पिछले सात सालों में अरविंद केजरीवाल ने झूठ की राजनीति का कभी ना भूलने वाला अध्याय लिखा है। दिल्ली की समझदार जनता इनके झूठे दावों और खोखले वादों के झांसे में नहीं फंसने वाली। आम आदमी पार्टी दावे तो उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड में भी करती थी, लेकिन उनकी जमानत जब्त हो गई।

उन्होंने कहा कि पंजाब में सरकार बनते ही स्वास्थ्य मंत्री को भ्रष्टाचार के आरोप में इस्तीफा देना पड़ा। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री जेल में हैं, मजे और मसाज का आनंद उठा रहे हैं। आप सत्ता का आनंद ले रही है, आप के लोग भ्रष्टाचार कर जेल में आनंद करते हैं।

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के नेता इतना झूठ बोलते हैं कि कोर्ट में आकर बोलते हैं की खाने की समस्या है, लेकिन इनके खाने की प्लेट देखो तो शायद फाइव स्टार में भी ऐसी नहीं मिलती जैसी उनको जेल में मिली। पानी मिनरल, मसाज मिल रहे हैं।

उन्होंने कहा कि आप झूठ की राजनीति करती है, बड़े-बड़े दावे करती है लेकिन अपने शब्दों से मुकर जाती है और आरोपों के बाद माफी मांगती है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल सरकार की तुष्टिकरण की राजनीति उजागर हो चुकी है।

मस्जिद के मौलवियों को तो वेतन उन्होंने दिया, लेकिन मंदिर के पुजारी व गुरुद्वारों के ग्रंथियों को वेतन नहीं दिया। उन्होंने कहा कि दिल्ली का सही मायनों में विकास भाजपा ही कर सकती है। दिल्ली में विकास कार्यों को सुचारू रूप से चलाने के लिए फिर एक बार एमसीडी में भाजपा का आना ज़रूरी है।

उन्होंने आज भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में वार्ड संख्या 217 दिलशाद कॉलोनी, 224 वेलकम कॉलोनी, 201 ललिता पार्क, 197 पटपड़गंज में सभाओं तथा जनसंपर्कों के जरिए प्रचार किया।(वार्ता)
Edited By : Chetan Gour

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी