नई दिल्ली। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के सरकारी आवास का जून महीने का बिजली बिल 1.35 लाख रुपए से ज्यादा का आया है, जिसके बाद कांग्रेस और भाजपा ने आम आदमी पार्टी की सरकार को घेरते हुए आरोप लगाया कि यह व्यक्तिगत सुविधाओं के लिए सरकारी पैसा बर्बाद कर रही है।
सिविल लाइन्स में केजरीवाल के 6, फ्लैग स्टाफ रोड स्थित आवास पर दो मीटर वाले कनेक्शन हैं। एक का बिल 22,689 रुपए का और दूसरा बिल 1,13,598 रुपए का है।
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय माकन ने कहा, ‘अरविंद केजरीवाल व्यक्तिगत उपयोग के लिए सरकारी पैसा बर्बाद कर रहे हैं। सत्ता में आने के बाद आप नेताओं ने कहा था कि वे विलासिता में नहीं रहेंगे और आम आदमी की तरह रहेंगे। अब वे क्या कर रहे हैं।’
भाजपा नेता विजेंद्र गुप्ता ने भी केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि वह निजी सुविधाओं के लिए सरकारी धन का दुरुपयोग कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘यह सब स्वीकार्य नहीं है। दिल्ली की जनता अब आप के असली चेहरे को देख रही है।’ (भाषा)