केजरीवाल ने बेहतर पुलिस व्यवस्था के लिए दिए सुझाव

शनिवार, 28 फ़रवरी 2015 (11:11 IST)
नई दिल्ली। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल शुक्रवार को दिल्ली पुलिस मुख्यालय पहुंचे और उन्होंने वहां पुलिस बल के कामकाज की समीक्षा करने के साथ-साथ शहर में कानून व्यवस्था और खासतौर पर महिला सुरक्षा में सुधार के लिए सुझाव दिए।

केजरीवाल ने पीएचक्यू में करीब 3 घंटे बिताए और इस दौरान उनके साथ उपमुख्यमंत्री मनीष सिसौदिया भी थे।

केजरीवाल को दिल्ली पुलिस आयुक्त बीएस बस्सी ने शहर में पुलिस व्यवसथा के अनेक पहलुओं पर विस्तार से प्रस्तुतीकरण दिया और पुलिस बल द्वारा इस्तेमाल में लाई जा रहीं कुछ आधुनिक तकनीकों की भी जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने पुलिस नियंत्रण कक्ष की कार्यप्रणाली को भी समझा। पुलिस मुख्यालय के दौरे के बाद केजरीवाल ने कहा कि वे दिल्ली पुलिस के कामकाज के तरीके को देखकर बहुत खुश हैं और सरकार की ओर से पूरी तरह समर्थन का आश्वासन देते हैं।

उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार और दिल्ली पुलिस अलग अलग नहीं हैं। हम एक इकाई हैं। इस बैठक में बस्सी ने शिक्षामंत्री मनीष सिसौदिया से अनुरोध किया कि बच्चियों को स्कूलों से ही आत्मरक्षा प्रशिक्षण देना शुरू किया जाए।

बस्सी ने कहा कि जब मैंने केजरीवाल से उनके शपथ ग्रहण के बाद मुलाकात की थी तो उनसे अनुरोध किया था कि दिल्ली पुलिस मुख्यालय आएं और मुझे खुशी है कि वे शुक्रवार को आए।

पुलिस आयुक्त ने साफ किया कि आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं और दिल्ली पुलिस के बीच किसी तरह की टकराव की स्थिति नहीं है। एक दिन पहले ही केजरीवाल ने केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की थी। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें