जनता ने मोदी-शाह का गुरूर तोड़ा-केजरीवाल

रविवार, 8 नवंबर 2015 (16:18 IST)
नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बिहार विधानसभा चुनाव परिणाम को नफरत की राजनीति करने वाले लोगों के ‘गाल पर तमाचा’ करार देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘विदेश घूमना छोड़कर’ सरकार चलाने पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी है।
 
केजरीवाल ने बिहार में महागठबंधन की जीत पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बधाई देते हुए कहा कि चुनाव परिणाम नफरत की राजनीति करने वालों के गाल पर तमाचा और स्पष्ट संदेश है कि यदि भविष्य में इस तरह की फिर कोशिश की गई तो ऐसे लोगों का पूरी तरह सफाया कर दिया जाएगा। 
 
उन्होंने कहा कि देश में हाल में असहिष्णुता का जो माहौल बनाया गया है वह दूर किया जाएगा। केजरीवाल ने मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह पर निशाना साधते हुए कहा कि जो गुरूर कांग्रेस को कई वर्षों तक राज करने पर आया था वह इन दोनों में एक वर्ष के अंदर आ गया है। जनता ने दोनों के गुरूर को चकनाचूर कर दिया है।
 
केजरीवाल ने बिहार चुनाव परिणामों को मोदी के काम और उनके तौर तरीके पर मत संग्रह करार देते हुए उम्मीद जताई कि प्रधानमंत्री अब ‘विदेश यात्राएं रद्द कर घूमना बंद करेंगे’ और सरकार चलाने पर ध्यान देंगे क्योंकि केंद्र सरकार का बुरा हाल है। उन्होंने कहा कि इन परिणामों के जरिए लोगों का संदेश है कि केंद्र में मंत्रियों को काम करने की स्वतंत्रता दी जाए।
 
दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कहा कि उम्मीद है कि अब दिल्ली में केंद्र सरकार के ‘नाजायज और असंवैधानिक हस्तक्षेप’ को बंद किया जाएगा और दिल्ली की चुनी हुई सरकार को काम करने दिया जाएगा। अन्य राज्यों में भी केंद्र का हस्तक्षेप बंद होगा तथा चुनाव से पहले घोषित बिहार पैकेज को राज्य के विकास के लिए जल्द से जल्द जारी किया जाएगा। (वार्ता) 

वेबदुनिया पर पढ़ें