अब बंदरगाहों पर होगी गौमांस की जांच

मंगलवार, 6 अक्टूबर 2015 (21:09 IST)
नई दिल्ली। सरकार ने देश से गौमांस के अवैध निर्यात पर नजर रखने के लिए बंदरगाहों पर जांच प्रयोगशालाएं स्थापित करने का फैसला किया है। यह घोषणा ऐसे समय हुई है जब उत्तर प्रदेश के दादरी में गौमांस खाने की अफवाह फैलने पर भीड़ द्वारा एक व्यक्ति की हत्या किये जाने के बाद वाद-विवाद चरम पर है।
 
केन्द्रीय कृषि राज्यमंत्री संजीव कुमार बाल्यान ने मंगलवार को गौमांस के अवैध निर्यात पर हुई समीक्षा बैठक के बाद इस फैसले के बारे में जानकारी दी। बैठक में कृषि उत्पाद निर्यात संवर्धन एजेंसी एपीडा और खाद्य प्रसंस्करण एवं कृषि मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।
 
बाल्यान ने कहा कि एपीडा के अधिकारियों ने बताया कि गौमांस का कोई अवैध निर्यात नहीं हो रहा है क्योंकि इसके उत्पादन और निर्यात की कड़ाई से निगरानी की जाती है। यह काम ‘मीटनेट’ नाम के एक साफ्टवेयर के जरिए किया जाता है। फिर भी बंदरगाहों पर जांच प्रयोगशालाएं लगाने का यह फैसला किया गया है ताकि गौमांस का अवैध निर्यात न हो सके।
 
उन्होंने कहा कि मांस का ज्यादातर निर्यात मुंबई बंदरगाह के जरिये किया जाता है। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें