भारत रत्न पर आडवाणी की पहली प्रतिक्रिया, मेरा जीवन मेरे राष्‍ट्र के लिए

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

शनिवार, 3 फ़रवरी 2024 (15:10 IST)
Bharat ratna to lalkrishna advani : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी को भारत रत्न देने का ऐलान किया। आडवाणी को भारत रत्न मिलने पर भाजपा में जश्न का माहौल है। विपक्ष दलों से जुड़े कई नेताओं ने भी उन्हें बधाई दी।
 
भाजपा नेता लालकृष्‍ण आडवाणी ने भारत रत्न मिलने पर राष्‍ट्रपति और प्रधानमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि विनम्रता से सम्मान स्वीकार करता हूं। मेरा जीवन मेरे राष्‍ट्र के लिए हैं।
 
पूर्व भाजपा अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिय साइट एक्स पर अपनी पोस्ट में कहा कि आडवाणी जी को भारत रत्न दिए जाने के निर्णय से बड़े हर्ष और आनंद की अनुभूति हुई है। वे राजनीति में शुचिता, समर्पण और दृढ़ संकल्प के प्रतीक हैं। आडवाणीजी ने अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में अनेक भूमिकाओं में, देश के विकास और राष्ट्रनिर्माण में जो महत्वपूर्ण योगदान किया है, वह अविस्मरणीय और प्रेरणास्पद है। भारत की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण रखने में भी उनकी महती भूमिका रही है।
 

हम सबके प्रेरणास्रोत एवं देश के वरिष्ठ नेता, श्रद्धेय लाल कृष्ण आडवाणी जी को भारत रत्न दिये जाने के निर्णय से बड़े हर्ष और आनंद की अनुभूति हुई है। वे राजनीति में शुचिता, समर्पण और दृढ़ संकल्प के प्रतीक हैं। आडवाणीजी ने अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में अनेक भूमिकाओं में, देश के विकास… pic.twitter.com/bHfvkI354Q

— Rajnath Singh (@rajnathsingh) February 3, 2024
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि देश के वरिष्ठतम नेता और हमारे मार्गदर्शक आदरणीय लालकृष्ण आडवाणी को भारत रत्न की घोषणा अत्यंत सुखद और आनंददाई है। आज़ादी के बाद देश के पुनर्निर्माण में आडवाणी जी की अहम भूमिका रही है। आडवाणी जी राजनीति में शुचिता के जीवंत उदाहरण है। 
 
यूपी के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि लाल कृष्ण आडवाणी को भारत रत्न से सम्मानित किए जाने पर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि यह निर्णय, उनके सार्वजनिक जीवन में दशकों की सेवा, प्रतिबद्धता और राष्ट्र की अखंडता के प्रति अटूट प्रतिबद्धता तथा राजनीतिक जीवन में शुचिता व नैतिकता के उच्च मानक स्थापित करने वाले उनके अद्वितीय प्रयासों को सम्मान प्रदान करने वाला है।
 
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ट्वीट किया कि यह हमारे लिए बहुत खुशी का क्षण है कि हमारे मार्गदर्शक और भाजपा के दिग्गज नेता लाल कृष्ण आडवाणी को भारत रत्न से सम्मानित किया जाएगा।
 
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने लालकृष्ण आडवाणी को भारत रत्न मिलने पर अपनी और मध्य प्रदेश सरकार की ओर से बधाई दी। उन्होंने इसके लिए भारत सरकार और PM मोदी का आभार भी जताया।

BJP के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी को भारत रत्न देने की घोषणा पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, इस फैसले का हम स्वागत करते हैं।
 
बीआएस नेता के.कविता ने कहा कि यह अच्छी बात है कि राम मंदिर भी बन गया, लालकृष्ण आडवाणी को भारत रत्न भी मिल रहा है। भाजपा का एजेंडा पूरा होते हुए नजर आ रहा है, मैं लालकृष्ण आडवाणी को बहुत-बहुत बधाई देती हूं।
 
BJP के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी को भारत रत्न देने की घोषणा पर उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्‍यमंत्री और  समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि यह भारत रत्न अपने वोट को बांधने के लिए दिया जा रहा है।
 
कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि कायदे से तो लालकृष्‍ण आडवाणी अपनी पार्टी की अपनी सरकार में सर्वोच्च पद के योग्य थे पर प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें कम से कम भारत रत्न दिया इसके लिए उन्हें बधाई।
Edited by : Nrapendra Gupta 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी