ये हैं देश के 20 स्मार्ट शहर, मध्यप्रदेश से तीन

गुरुवार, 28 जनवरी 2016 (15:30 IST)
नई दिल्ली। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री वैकेंया नायडू ने गुरुवार को स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत विकसित किए जाने वाले 20 शहरों की पहली सूची जारी कर दी है। इन शहरों की सूची में मध्यप्रदेश की औद्योगिक राजधानी इंदौर 11 नंबर पर रखा गया है। 
 
वेकैया नायडू ने एक प्रेस कॉन्‍फ्रेंस करते हुए 20 स्मार्ट सिटी के नामों का ऐलान करते हुए 50 हजार 802  हजार करोड़ का फंड भी जारी किया है। इस फंड का उपयोग सभी 20 स्मार्ट सिटी के विकास में किया जाएगा।
 
वेकैया नायडू के अनुसार आज शहरी विकास के लिए एक ऐतिहासिक दिन है, जब हम पहली 20 स्‍मार्ट सिटीज के नामों का एलान कर रहे हैं। पहले चरण में शहरों के चुनाव में कड़ी प्रतिस्‍पर्धा रही।
 
उन्‍होंने कहा कि इन शहरों के चुनाव में दिल्‍ली सरकार का केवल सहयोग रहा जबकि चुनाव और योजनाओं का काम शहरों और राज्‍यों की टीमों ने ही किया है। इन शहरों की योजनाओं में 1.52 करोड़ लोगों ने भाग लिया। इस प्रतिस्‍पर्धा में 97 शहरों के नाम थे जिन्‍हें विभिन्‍न चीजों के आधार पर मार्क दिए गए हैं।
वेकैया नायडू ने यह भी बताया कि स्मार्ट सिटी में पानी और बिजली आपूर्ति, सफाई और ठोस कचरा प्रबंधन, समुचित शहरी आवागमन और सार्वजनिक परिवहन, आईटी कनेक्टीविटी, ई-गवर्नेंस के माध्यम, बुनियादी सुविधाएं और नागरिक सहभागिता विकसित की जाएगी।
 
उन्होंने कहा कि आगामी वर्षों में सरकार 40 ऐसे शहरों की घोषणा करेगी। प्रत्येक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देश में 100 स्मार्ट सिटी विकसित करने की महत्वाकांक्षी योजना के तहत विकास कार्य करवाए जाएंगे।

वेबदुनिया पर पढ़ें