गरीबों के लिए 5 लाख मकान बनाएगी भाजपा

शुक्रवार, 21 नवंबर 2014 (16:20 IST)
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी ने इस माह के अंत और दिसंबर में होने वाले नगर निकाय चुनाव के लिए घोषणापत्र जारी करते हुए शुक्रवार को अगले 5 सालों में आर्थिक रूप से पिछड़े एवं वंचित वर्गों के लिए 5 लाख घरों के निर्माण का वादा किया।
 
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में शुक्रवार को यह घोषणापत्र जारी किया गया।
 
मुख्यमंत्री ने घोषणापत्र में किए गए वादों का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस के 10 साल के शासनकाल के दौरान लगभग 650 करोड़ रुपए शहरी अधोसंरचना पर खर्च किए गए जबकि पिछले 10 सालों में भाजपा शासन काल के दौरान 37 हजार करोड़ रुपए व्यय किए गए और इस साल इस पर 6 हजार करोड़ रुपए व्यय किए जाएंगे।
 
उन्होंने बताया कि शहरवासियों की सुविधा के लिए नगर निगम क्षेत्र में भवन अनुज्ञा के अंतर्गत 2400 वर्गफीट तक के भूखंडों पर भवन अनुज्ञा हेतु पंजीकृत वास्तुविदों को अधिकृत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बाद में नगरीय निकायों में भवन निर्माण का मानचित्र जमा किया जा सकेगा।
 
चौहान ने कहा कि बड़े शहरों में बढ़ती जनसंख्या के दबाव और आवासों की आवश्यकता को देखते हुए बहुमंजिला इमारतों के निर्माण को प्रोत्साहित किया जाएगा। 
 
शहरी लोक परिवहन और मेट्रो रेल का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि भोपाल एवं इंदौर के लिए देश के प्रथम लाइट मेट्रो सिस्टम का डीपीआर बनाया जा रहा है जबकि जबलपुर एवं ग्वालियर में संभावना के लिए अध्ययन शुरू किया गया है।
 
उन्होंने बताया कि इसी प्रकार प्रदेश के 16 प्रमुख शहरों में लोक परिवहन सेवा का विस्तार एवं विकास के लिए 1,500 बसों को खरीदा जाएगा।
 
घोषणा पत्र में बड़े शहरों में यातायात की सुविधा के लिए बहुमंजिला पार्किंग बनाने के साथ ही आगामी 5 वर्षों में सभी शहरों में कम से कम एक हरित क्षेत्र की स्थापना किए जाने का वादा किया गया है। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें