'भाजपा-कांग्रेस' के खिलाफ आप की रैली, 300 हिरासत में

शनिवार, 7 मई 2016 (18:47 IST)
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के 300 से अधिक समर्थकों और कुछ पार्टी नेताओं को रविवार को उस समय हिरासत में ले लिया गया, जब वे भाजपा-कांग्रेस के बीच भ्रष्टाचारी के लिए गठबंधन होने का आरोप लगाते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आवास की ओर विरोध मार्च निकाल रहे थे।
जंतर-मंतर पर एक रैली के बाद संजय सिंह और कुमार विश्वास के नेतृत्व में प्रदर्शनकारी प्रधानमंत्री और कांग्रेस अध्यक्ष के आवास का घेराव करने के लिए निकले। रैली में पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल और इसके शीर्ष नेताओं ने मोदी और उनकी सरकार पर अगस्तावेस्टलैंड हेलीकॉप्टर घोटाले में सोनिया गांधी के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने को लेकर हमला किया।
 
विरोध मार्च शुरू होने से पहले केजरीवाल आयोजन स्थल से चले गए। दिल्ली विधानसभा की उपाध्यक्ष बंदना कुमारी सहित कई आप विधायक इसमें शामिल हुए।
 
पुलिस ने 3 स्तरीय अवरोधक घेरा लगा रखा था और उसने वरिष्ठ आप नेता आशुतोष, संजय सिंह, दिलीप पांडे सहित पार्टी के कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया और उन्हें संसद मार्ग थाना ले गई।
 
नई दिल्ली के डीसीपी जतिन नरवाल ने बताया कि जंतर-मंतर से उनका मार्च शुरू होने पर संसद मार्ग में पहले अवरोध स्तर पर 300 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया और सुबह में 100 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया। यह प्रदर्शन करने वालों का एक अलग समूह था, जो तुगलक रोड थाने पहुंचा था, जो प्रधानमंत्री के आवास के नजदीक स्थित है। 
 
उन्होंने बताया कि प्रदर्शनकारियों को सीआरपीसी की धारा 144 के तहत गिरफ्तार किया गया। उन सभी को संसद मार्ग थाने ले जाया गया। (भाषा)  

वेबदुनिया पर पढ़ें