Delhi Lok Sabha Election : भाजपा ने दिल्ली की 5 सीटों के लिए घोषित किए उम्मीदवार, 4 निवर्तमान सांसदों का कटा टिकट

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

रविवार, 3 मार्च 2024 (00:10 IST)
BJP declared candidates for five Lok Sabha seats of Delhi : भारतीय जनता पार्टी ने पूर्व केंद्रीय मंत्री सुषमा स्वराज की बेटी बांसुरी स्वराज को नई दिल्ली लोकसभा सीट से और निवर्तमान सांसद मनोज तिवारी को उत्तर-पूर्वी दिल्ली से आगामी लोकसभा चुनाव के लिए मैदान में उतारा है। भाजपा ने शनिवार को दिल्ली की 7 में से 5 लोकसभा सीट के लिए उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की।
 
प्रवेश वर्मा और रमेश बिधूड़ी का टिकट काटा : पार्टी ने निवर्तमान सांसद- मीनाक्षी लेखी, हर्षवर्धन, प्रवेश वर्मा और रमेश बिधूड़ी का टिकट काट दिया है। दक्षिणी दिल्ली की पूर्व महापौर और भाजपा की दिल्ली इकाई की महासचिव कमलजीत सहरावत पश्चिमी दिल्ली से चुनाव लड़ेंगी। सहरावत को दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री साहिब सिंह वर्मा के बेटे और दो बार के निवर्तमान सांसद प्रवेश वर्मा की जगह टिकट दिया गया है। सहरावत जाट समुदाय से हैं।
ALSO READ: यूपी की 80 सीटों के लिए क्या है भाजपा का चुनावी प्लान, RLD को देगी कितनी सीटें?
भाजपा ने फिलहाल पूर्वी दिल्ली और उत्तर पश्चिम दिल्ली से अपने उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है। एक और आश्चर्यजनक कदम में भाजपा ने दक्षिण दिल्ली से दो बार के सांसद रमेश बिधूड़ी के बजाय दिल्ली विधानसभा में विपक्ष के नेता रामवीर सिंह बिधूड़ी को इस सीट से टिकट दिया। रामवीर सिंह बिधूड़ी दक्षिणी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र के बदरपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं।
 
दिल्ली भाजपा की सचिव बांसुरी स्वराज नई दिल्ली से लड़ेंगी चुनाव : दिल्ली प्रदेश भाजपा नेताओं ने अनुमान जताया कि संसद में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के एक सांसद के प्रति रमेश के व्यवहार से जुड़े हालिया विवाद के कारण उन्हें अपना टिकट गंवाना पड़ा। उच्चतम न्यायालय की वकील और दिल्ली भाजपा की सचिव बांसुरी स्वराज को पार्टी ने नई दिल्ली सीट से दो बार सांसद और केंद्रीय मंत्री लेखी पर तरजीह दी।
 
हर्षवर्धन की जगह प्रवीण खंडेलवाल को मैदान में उतारा : सूत्रों ने बताया कि लेखी को चंडीगढ़ से चुनाव मैदान में उतारा जा सकता है। ‘कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स’ के सचिव प्रवीण खंडेलवाल चांदनी चौक से भाजपा के उम्मीदवार बने हैं। पार्टी ने इस सीट से दो बार के सांसद और पूर्व केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन की जगह खंडेलवाल को मैदान में उतारा है।
ALSO READ: BJP candidates list: भाजपा के 195 लोकसभा उम्मीदवारों की पूरी सूची, पहली List में मोदी, राजनाथ, शाह, ईरानी के नाम
वहीं भाजपा के वरिष्ठ नेता महेश शर्मा ने शनिवार को कहा कि यह उनका सौभाग्य है कि वह एक बार फिर जनप्रतिनिधि के रूप में गौतमबुद्ध नगर की सेवा कर सकें। भाजपा ने शर्मा को गौतमबुद्ध नगर निर्वाचन क्षेत्र से उम्मीदवार घोषित किया है। यह चौथी बार है जब पार्टी ने शर्मा को इस सीट से अपना उम्मीदवार बनाया है। (भाषा)
Edited By : Chetan Gour 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी