एग्जिट पोल में जीत से भाजपा खुश, नेताओं ने जताई उम्मीद...

शुक्रवार, 10 मार्च 2017 (10:34 IST)
नई दिल्ली। भाजपा ने विभिन्न समाचार चैनलों द्वारा किए गए मतदान बाद सर्वेक्षणों (एग्जिट पोल) में चुनाव परिणामों के प्रारंभिक रूझानों का स्वागत किया और उम्मीद जताई कि अंतिम परिणाम भी ऐसे ही होंगे।
 
पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के एग्जिट पोल में अधिकतर में भाजपा को उत्तर प्रदेश सहित चार राज्यों में बढ़त हासिल करते दिखाया गया है।
 
विभिन्न समाचार चैनलों पर शुक्रवार शाम प्रसारित एग्जिट पोल में भाजपा की उत्तर प्रदेश में दो दशक बाद वापसी होती दिख रही है और मणिपुर में भी वह अप्रत्याशित रूप से सबसे अधिक सीटें हासिल कर रही है। इसके साथ ही उत्तराखंड और गोवा में वह सबसे बड़े दल के रूप में सामने आ रही है। पंजाब में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच कांटे की टक्कर है जबकि अकाली भाजपा गठबंधन को दौड़ से बाहर बताया जा रहा है।
 
भाजपा के वरिष्ठ नेता राम माधव ने एक ट्वीट में कहा, 'एग्जिट पोल में पांच राज्यों में से चार में पार्टी की जीत का अनुमान जताए जाने से अच्छा लग रहा है और उम्मीद है कि यही परिणाम होगे।'
 
भाजपा के एक और नेता डॉ.सुब्रमण्यम स्वामी ने कहा कि यदि एग्जिट पोल ठीक साबित होते है तो इसका मतलब है कि भाजपा के लिए पांच राज्यों में से चार राज्यों में नमो के साथ हिन्दुत्व आ गया है।
 
भाजपा प्रवक्ता जीवीएल नरसिम्हा राव ने भी इसी तरह की भावना व्यक्त की और कहा कि हमारा खुद का आत्मविश्वास कहता है कि यह पूर्ण बहुमत है। यह भाजपा के लिए बड़ी जीत होगी।
 
गोवा के मुख्यमंत्री लक्ष्मीकांत पार्रेसकर ने एक समाचार चैनल से कहा कि उन्हें विश्वास है कि भाजपा कांग्रेस से आगे रहेगी। उन्होंने कहा कि गोवा में जीत सरकार की जीत होगी।
 
एग्जिट पोल के कुछ मिनटों बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने बीबीसी से बातचीत में कहा कि उनकी पार्टी भाजपा को सत्ता से बाहर करने के लिए कुछ भी करेगी। (भाषा) 

वेबदुनिया पर पढ़ें