यूपी में भाजपा का नारा : न अपराध, न भ्रष्टाचार, इस बार भाजपा सरकार

रविवार, 29 मई 2016 (14:21 IST)
नई दिल्ली। मिशन 2017 के तहत उत्तरप्रदेश विधानसभा चुनाव में जीत के लिए भाजपा कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती और केंद्र में सत्तारूढ़ पार्टी ने 'न अपराध, न भ्रष्टाचार, इस बार भाजपा सरकार' के नारे के साथ 265 प्लस के जादुई आंकड़े को हासिल करने का संकल्प व्यक्त किया है।
 
उत्तरप्रदेश विधानसभा चुनाव को देखते हुए आगामी 12 और 13 जून को इलाहाबाद में भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारणी की बैठक आयोजित की जा रही है। बैठक में उत्तरप्रदेश के मिशन 265 प्लस का आगाज हो सकता है। यहीं से भाजपा के प्रदेश में सपा और बसपा मुक्त उत्तरप्रदेश का आह्वान करने की संभावना है।
 
भाजपा के राष्ट्रीय सचिव श्रीकांत शर्मा ने कहा कि उत्तरप्रदेश में सपा, बसपा, कांग्रेस जैसे दलों का कॉकटेल है जिसने लगातार प्रदेश की जनता को धोखा देने और राज्य के हितों की अनदेखी करने का काम किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि ये दल भ्रष्टाचार एवं अपराध का पोषण करने का प्रतीक बन चुके हैं और जनता इनसे उब चुकी है।
 
भाजपा नेता ने कहा कि सपा, बसपा जैसे दलों में आपस में सांठगांठ भी है और इनमें ऐसी समझ है कि ये बारी-बारी से अपने शासनकाल में भ्रष्टाचार एवं लूट का पोषण करते हैं और ये एक दूसरे के लूट और भ्रष्टाचार की जांच नहीं कराते।
 
श्रीकांत शर्मा ने कहा कि उत्तरप्रदेश के गांव में सड़के टूटी हुई हैं, बिजली लोगों को नहीं मिल रही, स्वास्थ्य सुविधाएं नगण्य हैं, शिक्षा का बुरा हाल है, अपराध का ग्राफ दिन प्रतिदिन बढ़ रहा है, बेरोजगारी की समस्या से युवा त्रस्त हैं, नदी-नालों में पानी की कोई व्यवस्था नहीं है.. इस सब के लिए सपा, बपसा, कांग्रेस का कॉकटेल जिम्मेदार है, भाजपा पिछले 17 वर्षों से उत्तरप्रदेश में सत्ता में नहीं है। (भाषा) 
 

वेबदुनिया पर पढ़ें