CAA पर भाजपा चलाएगी जनजागरण अभियान, सड़क पर उतरेंगे सांसद-विधायक

विकास सिंह

गुरुवार, 26 दिसंबर 2019 (17:31 IST)
नागरिकता कानून को लेकर सियासत तेज होती जा रही है। कांग्रेस के आक्रामक रुख को देखते हुए भाजपा अब पूरी ताकत से लोगों के बीच जाने की तैयारी कर रही है। CAA को लेकर पार्टी ने अब पूरे देश में जनजागरण अभियान चलाने का फैसला किया है। अभियान को लेकर भोपाल में भाजपा दफ्तर में एक बड़ी बैठक हुई जिसमें पार्टी के बड़े नेताओं ने अभियान के स्वरूप को लेकर मंथन किया।

बैठक के बाद पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल CAA को लेकर जिस ढंग से भ्रम फैलाकर हिंसा भड़काने की कोशिश कर रहे हैं, उसके बाद पार्टी अब पूरे देश में जनजागरण अभियान चलाएगी। शिवराज ने कहा कि खुद प्रधानमंत्री  CAA को लेकर कई बार स्थिति स्पष्ट कर चुके हैं, उसके बाद भी विपक्ष लगातार भ्रम फैला रहा है।

उन्होंने साफ कहा कि CAA नागरिकता देने का कानून है लेने का नहीं और विपक्ष इस मुद्दे पर रोज झूठ परोस रहा है। पार्टी CAA के बारे में लोगों तक सच्चाई पहुंचाने के लिए पूरे देश में 15 जनवरी तक जिले से लेकर पंचायत स्तर तक जनजागरण अभियान चलाएगी। अभियान के तहत पार्टी जिले स्तर पर रैलियां, संगोष्ठी और मार्च निकालेगी जिसमें पार्टी के सांसद और विधायक भी शामिल होंगे। 
इसके साथ ही एक जनवरी से 30 जनवरी तक पार्टी पंचायत स्तर तक कार्यक्रम कर CAA के बारे में लोगों को सच्चाई बताने के डोर टू डोर कैंपेन भी चलाएगी। मीडिया से बात करते हुए शिवराज ने कहा कि विपक्ष जो ग्रहण लगाना चाहता है वो नहीं लगने देंगे। 
 
कमलनाथ कर रहे संविधान का अपमान : मध्य प्रदेश में CAA नहीं लागू करने के मुख्यमंत्री कमलनाथ के फैसले पर शिवराज ने कहा कि ऐसा कर मुख्यमंत्री संविधान का अपमान और उसकी अवमानना कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि नागरिकता बिल संसद से पास होकर कानून बना है और संसद से पास हुए कानून को लागू नहीं करना संविधान का अपमान और अवमानना है और ऐसा कहने वाला मुख्यमंत्री पद पर नहीं रह सकता है।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी