अयोध्या पहुंचे सीएम योगी, रामलला के किए दर्शन

बुधवार, 31 मई 2017 (11:05 IST)
अयोध्या। जय श्रीराम  के गगनभेदी नारों और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बुधवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विवादित धर्मस्थल में प्रतिष्ठापित 'रामलला' के दर्शन किए।
 
मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार अयोध्या आए योगी ने रामलला के दर्शन के पहले प्रसिद्ध हनुमानगढी मंदिर में हनुमानजी के सामने मत्था टेका। योगी के दर्शन के समय दोनों स्थलों पर सुरक्षा कारणों से आम दर्शनार्थियों के मंदिर में जाने पर रोक लगा दी गई थी।
 
मुख्यमंत्री के हनुमानगढ़ी में मौजूदगी के दौरान नीचे उनके कई समर्थक इन्तजार कर रहे थे। हनुमानगढ़ी में हनुमानजी के दर्शन के लिए करीब डेढ़ सौ सीढ़ियों पर चढ़कर जाना होता है। मूर्ति काफी ऊंचाई पर है।
 
राजस्थान से आए उनके एक समर्थक ने कहा, 'मुझे अखबारों से पता चला है कि योगी जी रामलला के दर्शन करने आ रहे हैं। इसीलिए मैं भी यहां आ गया हूं। मैं उनसे मिलना चाहता हूं, मिलकर कहूंगा कि जल्द से जल्द नरेन्द्र मोदी के साथ मिलकर मंदिर निर्माण कराएं।

योगी ने हनुमानगढी में करीब बीस मिनट बिताए। दर्शन के बाद उन्होंने मंदिर के पुजारियों से बातें की। उनके साथ फोटो खिंचवाए। युवा साधुओं ने सेल्फी ली। इसके बाद वह हनुमानगढी से करीब सात -आठ सौ मीटर की दूर पर स्थित विवादित रामजन्मभूमि पहुंचे। उन्होंने सुरक्षा मानकों का पूरा पालन करते हुए रामलला के दर्शन किए।
 
मूर्ति से करीब 30 मीटर दूर बने एक प्लेटफार्म पर खड़े होकर श्रद्धालु रामलला का दर्शन करते हैं। मूर्ति साफ दिखाई पड़े इसके लिए बिजली की मुकम्मल व्यवस्था रहती है। विवादित रामजन्मभूमि पर उन्होंने करीब 30 मिनट बिताए। 
 
रामलला के दर्शन के समय बाहर उनके कई समर्थक साधु संत लगातार जय श्रीराम के नारे लगा रहे थे। साधु रामेश्वर दास ने कहा, 'आज अयोध्या के लोग काफी उत्साहित हैं। यहां के लोग चाहते हैं कि राम मंदिर का निर्माण जल्द से जल्द हो।
 
इसी बीच कुछ लोग शंख बजाते भी दिखे। कई के हाथों में तो घंटा भी था जिसे वे लगातार बजा रहे थे। विवादित रामजन्मभूमि पर प्रतिष्ठापित रामलला का दर्शन करने के बाद वह सरयू तट के लिए रवाना हो गए। उन्होंने सरयू नदी का वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पूजन अर्चन किया। सरयू जी की आरती उतारी। (वार्ता)
 

वेबदुनिया पर पढ़ें