देश के पहले वोटर नेगी का 106 साल की उम्र में निधन, सबसे पहले चुनाव में लिया था हिस्सा

शनिवार, 5 नवंबर 2022 (09:35 IST)
किन्नौर (हिमाचल प्रदेश)। आज शनिवार सुबह देश के सबसे पहले वोटर मास्टर श्याम सरन नेगी का निधन हो गया। वे हिमाचल प्रदेश में किन्नौर जिले के कल्पा के रहने वाले थे। नेगी ने 2 दिन पहले ही पोस्‍टल बैलेट के जरिए विधानसभा चुनाव के लिए वोट डाला था। नेगी ने पहली बार 1951-52 के चुनाव में हिस्सा लिया था, जो देश का पहला चुनाव था। जीवन के 106 बसंत देखने वाले नेगी ने 34वीं बार मतदान किया था।
 
किन्नौर के डीसी आबिद हुसैन सादिक ने श्‍याम सरन नेगी के निधन की पुष्टि की है। डीसी ने कहा कि मास्टर श्याम सरन नेगी आज दुनिया को अलविदा कह गए। ऐसे में आज उनका सम्मान के साथ अंतिम संस्कार होगा। आधिकारिक रिकॉर्ड के अनुसार रिटायर्ड स्कूल टीचर श्याम शरण नेगी का जन्म 1 जुलाई 1917 को हुआ था। 106 साल की उम्र में निधन से पहले उन्‍होंने हिमाचल चुनाव में वोट डाला था।
 
उन्होंने पहली बार जब वोट किया था, तब वह 33 साल के थे। तब से लेकर निधन के पहले तक उन्होंने कभी भी अपना वोट बेकार नहीं किया। किन्नौर के कलपा कस्बे के रहने वाले श्‍याम शरण स्कूल से टीचर के पद से 51 साल पहले रिटायर हुए थे। पहली बार वे 1951 में वोटिंग का हिस्सा बने थे।
 
Edited by: Ravindra Gupta

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी