Weather Update : राजस्थान के इस शहर में पारा 0.5 डिग्री, जानिए क्या है अन्य शहरों का तापमान

गुरुवार, 17 दिसंबर 2020 (15:17 IST)
नई दिल्ली। कश्मीर से हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड तक हुई बर्फबारी की वजह से उत्तर भारत के कई शहरों में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। श्रीनगर के तापमान में आई भारी गिरावट की वजह से डल झील जम गई। राजस्थान के सीकर में आज न्यूनतम तापमान सामान्य से 5 डिग्री नीचे 0.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
 
कश्मीर में तापमान -6.4 डिग्री सेल्सियस : कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में रात का तापमान शून्य से 6.4 डिग्री सेल्सियस नीचे चलने जाने से गुरुवार को विश्व प्रसिद्ध डल झील जम गई। शहर में आज नालों और नालियों सहित पानी के नल और अन्य जलाशयों का पानी भी जम गया। सुबह सूर्य दिखाई दिया, हालांकि बर्फीली हवाएं चलने के कारण लोग घरों के अंदर ही रहें।
 
मौसम विभाग के एक प्रवक्ता ने बताया कि अगले 3 दिनों के दौरान मौसम शुष्क रहेगा। उन्होंने कहा कि शुष्क मौसम से रात के तापमान में और गिरावट आने के आसार है हालांकि धूप खिलने की वजह से अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहेगा।
 
20 और 21 दिसंबर को हल्की बर्फबारी : उन्होंने कहा कि अरब सागर से उठे ताजा पश्चिमी विक्षोभ के अफगानिस्तान और पाकिस्तान के रास्ते 20 दिसंबर को गुजरने के आसार है। इसके कारण 20 और 21 दिसंबर को हल्की बर्फबारी हो सकती है।
 
केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के सीमावर्ती शहर कारगिल सबसे अधिक ठंडा रहा। यहां का तापमान शून्य से 16.4 डिग्री नीचे दर्ज किया गया, इसके बाद लेह में बुधवार को पारा करीब चार डिग्री गिर गया और शून्य से 14.9 डिग्री नीचे आ गया।
 
इन राज्यों में शीतलहर का कहर : पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और दिल्ली समेत उत्तर भारत के शहरों में शीतलहर का प्रकोप आगे भी बढ़ता रहेगा। दिल्ली के पालम में 4.5 डिग्री और सफदरजंग में 4.6 डिग्री तापमान रहा।
 
राजस्थान के इन शहरों में कड़ाके की ठंड :  स्काइमेट के अनुसार, राजस्थान के सीकर में आज न्यूनतम तापमान सामान्य से 5 डिग्री नीचे 0.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चुरू में 2.2 डिग्री, नाहन में 2.5 डिग्री, पिलानी में 2.5 डिग्री, नारनौल में 2.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। गंगानगर, बीकानेर में भी न्यूनतम तापमान 4 डिग्री से नीचे ही रिकॉर्ड किया गया।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी