दूरदर्शन की एंकर नीलम शर्मा का निधन

शनिवार, 17 अगस्त 2019 (17:45 IST)
नई दिल्ली। दूरदर्शन की मशहूर एंकर नीलम शर्मा का शनिवार को नोएडा के एक अस्पताल में करीब 50 वर्ष की आयु में निधन हो गया। पिछले कुछ दिनों से वे निमोनिया से पीड़ित होकर अस्पताल में भर्ती थीं।
 
उनके परिवार में पति के अलावा एक पुत्र है। अंतिम संस्कार शाम 7 बजे निगम बोध घाट पर कर दिया गया। प्रसार भारती के अध्यक्ष ए. सूर्य प्रकाश और दूरदर्शन (समाचार) के महानिदेशक मयंक अग्रवाल समेत कई वरिष्ठ अधिकारी और पत्रकार इस अवसर पर मौजूद थे।
 
इनके अलावा मुख्य कार्यकारी अधिकारी शशि शेखर, दूरदर्शन की महानिदेशक सुप्रिया साहू और अग्रवाल ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त कर उन्हें दूरदर्शन की 'पहचान' बताया। वे 1995 से दूरदर्शन में कार्यरत थीं और नारी सशक्तीकरण पर आधारित 'तेजस्विनी' जैसे कई कार्यक्रम उन्होंने किए थे।
 
इसी वर्ष मार्च में उन्हें नारी शक्ति सम्मान मिला था। उन्हें कई अन्य पुरस्कारों से भी सम्मानित किया गया था। वे अपने कार्यक्रमों में ज्वलंत मुद्दों को काफी प्रखरता से उठाती थीं और अपनी प्रभावशाली शैली और प्रस्तुति के कारण दर्शकों में काफी लोकप्रिय थीं।
 
सूर्य प्रकाश ने नीलम के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा है कि वे वास्तविक रूप से नारी शक्ति की प्रतीक थीं। उनके निधन से दूरदर्शन ने अपनी 'तेजस्विनी' को खो दिया है।
 
दूरदर्शन की महानिदेशक सुप्रिया साहू ने नीलम के निधन पर दु:ख व्यक्त किया है और उन्हें एक प्रमुख एंकर बताया है। उन्हें दूरदर्शन को एक अलग पहचान दी। शशिशेखर ने नीलम के निधन पर दु:ख जताया है और कहा है कि उनका निधन दूरदर्शन के लिए एक बड़ी क्षति है।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी