घटा यमुना का जलस्तर, घर लौटे उत्तरी दिल्ली के लोग

Webdunia
रविवार, 16 जुलाई 2023 (11:55 IST)
Delhi Flood : यमुना नदी के जलस्तर में कमी आने के बाद उत्तरी दिल्ली के लोग अपनी दुकानों और घरों की तरफ लौटने लगे हैं। ये लोग बाढ़ आने के कारण अपने घरों और दुकानों को छोड़कर सुरक्षित स्थान पर चले गए थे।

ALSO READ: Delhi Flood : चंद्रावल जल शोधन संयंत्र फिर शुरू, बाढ़ की वजह से 3 दिन से था बंद
कुछ लोग कश्मीरी गेट के पास मॉनेस्ट्री बाजार में अपनी दुकानों का जायजा लेने के लिए लौटे, जहां पिछले हफ्ते भारी बारिश के बाद बाढ़ आ गई थी और निवासियों को राहत शिविरों में शरण लेनी पड़ी थी।
 
बाढ़ के कारण प्रशासन को आईटीओ बैराज के जाम हो चुके गेटों को खोलने के लिए नौसेना की मदद लेनी पड़ी। नौसेना ने शुक्रवार को बैराज का एक द्वार खोल दिया, जबकि 32 में से 4 गेट अब भी जाम हैं।
 
रविवार को यमुना नदी का जलस्तर 205.98 मीटर दर्ज किया गया, जबकि गुरुवार को रात आठ बजे यह 208.66 मीटर पर था।
 
यमुना नदी में जलस्तर शनिवार को घटना शुरू हुआ था, लेकिन देर शाम को बारिश के कारण कई सड़कों पर जलभराव से स्थिति और बिगड़ गई। राजघाट से निजामुद्दीन कैरिजवे तक आईपी फ्लाईओवर के पास नाले का पानी भर जाने के कारण रिंग रोड पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई है।
 
यातायात पुलिस के मुताबिक, राजघाट से निजामुद्दीन कैरिजवे तक आईपी फ्लाईओवर के पास नाले का पानी भर जाने के कारण रिंग रोड पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई है। यात्रियों को परेशानी से बचने के लिए शांति वन, राजघाट, जेएलएन मार्ग और बीएसजेड मार्ग के रास्ते वैकल्पिक मार्ग लेने की सलाह दी जाती है। राजौरी गार्डन फ्लाईओवर पर एक ट्रक के खराब होने के कारण राजौरी गार्डन से पंजाबी बाग की ओर जाने वाले मार्ग पर रिंग रोड पर यातायात प्रभावित रह सकता है।
 
मौसम विभाग ने आज भी राष्ट्रीय राजधानी में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश होने का अनुमान जताया है। रविवार सुबह न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री अधिक है।
Edited by : Nrapendra Gupta 

सम्बंधित जानकारी

अगला लेख