Delhi Flood : चंद्रावल जल शोधन संयंत्र फिर शुरू, बाढ़ की वजह से 3 दिन से था बंद

रविवार, 16 जुलाई 2023 (10:50 IST)
Delhi Flood : दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को कहा कि चंद्रावल जल शोधन संयंत्र ने फिर से काम करना शुरू कर दिया है, जो बाढ़ आने के बाद से बंद था। संयंत्र बंद होने की वजह से बाढ़ से परेशान दिल्ली में पेयजल संकट हो गया था। हालांंकि वजीराबाद संयंत्र अभी भी बंद है।
 
केजरीवाल ने रविवार को ट्वीट किया कि चंद्रावल जल शोधन संयंत्र ने भी फिर से काम करना शुरू कर दिया है। इस पर आप विधायक सोमनाथ भारती ने कहा कि संयंत्र चालू होने से मध्य दिल्ली और NDMC क्षेत्र में जल सप्लाय व्यवस्था सुचारू हो जाएगी।
 
यमुना नदी में जलस्तर में कमी आने के संकेत मिलने के बाद ओखला जल शोधन संयंत्र ने शुक्रवार को काम करना शुरू कर दिया था। इससे पहले मुख्यमंत्री ने पहले कहा था कि वजीराबाद और चंद्रावल में जल शोधन संयंत्र रविवार से फिर से काम करना शुरू कर देंगे।
 
यमुना में बाढ़ की वजह से जल शोधन संयंत्र को बंद कर दिया गया था। इससे शहर में सामान्य जल आपूर्ति बाधित हो गई थी। संयंत्र चालू होने के बाद से जल आपूर्ति सामान्य होने की संभावना है।
 
यमुना का जलस्तर रविवार सुबह 9 बजे घटकर 205.98 मीटर पर आ गया। गुरुवार को यमुना का जलस्तर 208.66 मीटर पर पहुंच गया था। पिछले 2 दिन से हरियाणा के यमुनानगर के हथिनीकुंड बैराज से जल प्रवाह कम होने के कारण यमुना में जलस्तर में कमी आई है। बहरहाल, यमुना का जलस्तर अब भी खतरे के निशान 205.33 मीटर से ऊपर है।
 
Edited by : Nrapendra Gupta 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी