बुराड़ी से आप विधायक संजीव झा ने अपने एक्स अकाउंट पर यमुना में भारी मात्रा में डी-फोमर कंसंट्रेट नामक केमिकल मिलाए जाने का वीडियो शेयर किया। वीडियो में यमुना के किनारे एक बड़ा सा कंटेनर दिखाई देता है, जिसमें केमिकल के छोटे-छोटे नीले ड्रमों को मजदूरों द्वारा उतारते दिखाया गया है। उन ड्रमों पर डी-फोमर कंसंट्रेट लिखा होता है।
वीडियो में संजीव झा ने कहा कि ये केमिकल यमुना में झाग को खत्म करने के लिए डाला जाता है। मैं ये इसलिए दिखा रहा हूं क्योंकि दिल्ली में भाजपा की सरकार है और परवेश वर्मा मंत्री हैं। ये वही परवेश वर्मा हैं, जो इसी केमिकल के मिलाए जाने पर तीन साल पहले कह रहे थे कि यमुना में जहर मिलाया जा रहा है। उस वक्त उन्होंने खूब ड्रामा किया था।
पार्टी ने कहा कि अब इस बार भी छठ से पहले वही केमिकल नदी में डाला जा रहा है। इस पर आप नेता भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर यह ज़हर था, जैसा प्रवेश वर्मा ने कहा था, तो अब क्यों डाला जा रहा है? और अगर यह ज़हर नहीं था, तो तब झूठ क्यों बोला गया?
आप नेता सौरभ भारद्वाज ने भी कहा कि इनसे बड़ा झूठा और धोखेबाज़ कोई नहीं। पहले जो परवेश वर्मा दिल्ली की छठ ख़राब करने के लिए , अफसरों से बदतमीज़ी करते थे, काम रोकते थे, केमिकल को जहर बताते थे, अब इनकी सरकार और इनका मंत्रालय वही केमिकल यमुना में डाल रहा है। भाजपा को पता है यमुना में झाग केमिकल से ही हटेंगे, इसलिए वही केमिकल डाला जा रहा है। जब केजरीवाल से सरकार थी, तब इसी केमिकल को जहर बताया जाता था।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि आप देख सकते हैं कि किसी भी प्रकार का झाग यमुना नदी में दिखाई नहीं दे रहा है। सरकार पूरी तरह से सजग है और प्रतिबद्ध है कि इस बार दिल्ली के लिए यह छठ का पर्व एक नया सवेरा लेकर आए। सरकार ने अपनी पूरी तैयारी कर ली है। सैकड़ों कर्मचारी लगातार यमुना नदी की सफाई में लगे हुए हैं। इस बार की दिवाली भी भव्य होने वाली है और छठ पर्व भी भव्य होगा।