दिल्ली की महापौर शैली ओबेरॉय का बड़ा आरोप, भाजपा पार्षदों ने किया जानलेवा हमला

शनिवार, 25 फ़रवरी 2023 (08:29 IST)
नई दिल्ली। भाजपा और आप पार्षदों के बीच नगर निगम सदन में हाथापाई और हंगामे के कुछ घंटों बाद दिल्ली की महापौर शैली ओबेरॉय ने शुक्रवार को भाजपा के कुछ सदस्यों पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी सहयोगी आशु ठाकुर पर भी एक अन्य भाजपा पार्षद ने हमला किया। शैली ने ट्वीट कर कहा कि एमसीडी हाउस में बीजेपी पार्षदों द्वारा मुझ पर किए गए हमले को लेकर दिल्ली कमिश्नर से तत्काल मिलने का अनुरोध किया।
 
वहीं, आप विधायक आतिशी ने आरोप लगाया कि ठाकुर को उनके दुपट्टे से पकड़कर मंच से घसीटते हुए सदन के एक निकास द्वार तक ले जाया गया। उन्होंने कहा कि हम कमला मार्केट थाने जाएंगे और महापौर शैली ओबेरॉय और हमारी अन्य महिला पार्षदों पर जानलेवा हमले का मामला दर्ज कराएंगे।
 
प्रेस वार्ता से कुछ देर पहले महापौर ने सदन को स्थगित कर दिया और घोषणा की कि दिल्ली नगर निगम (MCD) की स्थायी समिति के 6 सदस्यों का चुनाव 27 फरवरी को सुबह 11 बजे नए सिरे से होगा।

आतिशी ने ऐसा क्या कहा, भड़क गई आप पार्षद : इस बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमे आप नेता आतिशी मार्लेना एक महिला पार्षद के कान में कुछ कहती हुई दिखाई दे रही हैं। फिर यह महिला पार्षद भड़क जाती है और जमकर हंगामा करती है। भाजपा का आरोप है कि आतिशी ने पार्षद को मारपीट करने के लिए कहा।
 
दिल्ली की पूर्व मेयर और बीजेपी नेता आरती मेहरा ने दावा किया है कि उनके पास एक वीडियो है। इसमें आतिशी अपनी एक महिला पार्षद को निर्देश दे रही हैं कि मारो और फिर एक के बाद एक लोग मारने के लिए आ जाते हैं। हम इसकी हर जगह शिकायत करेंगे। सबसे पहले हम कोर्ट जाएंगे।
Edited by  :  Nrapendra Gupta 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी