heat wave in Delhi : उत्तर भारत में गर्मी जानलेवा साबित होती जा रही है। हीटवेव की वजह से यूपी, बिहार, राजस्थान, हरियाणा और दिल्ली में अब तक सैकड़ों लोग जान गंवा चुके हैं। दिल्ली में गर्मी जानलेवा बनी हुई है। देश की राजधानी दिल्ली में गर्मी ने कोरोना काल के भयावह दौर की याद दिला दी। एनसीआर में गर्मी ने 55 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। श्मशान घाट में अंदर जलती चिंताएं और बाहर दाह का इंतजार करते शव। भट्टी जैसी तप रही दिल्ली में यह नजारा इन दिनों दिखाई दे रहा है।
निगम बोध में अंतिम संस्कार का आंकड़ा डराने वाला : प्रचंड गर्मी और हीटवेव के बीच दिल्ली के निगम बोध घाट पर एक दिन में बीते 19 जून को 142 शवों का अंतिम संस्कार किया गया, जो कोविड-19 महामारी के बाद सबसे अधिक है। 1 जून से 20 जून दोपहर साढ़े 12 बजे तक तक निगम बोध श्मशान घाट पर 1200 से ज्यादा शवों का अंतिम संस्कार हो चुका है। कोविड के दौरान जून के महीने में शवों की संख्या 1500 थी। अभी इस महीने में 10 दिन बाकी हैं। यही सिलसिला रहा तो कोविड के आंकड़ों की बराबरी हो सकती है।
नंबरों से अंतिम संस्कार : दिल्ली-NCR के गाजियाबाद में हालात डराने वाले हैं। हिंडन श्मशान घाट पर शवों के अंतिम संस्कार के लिए लंबी-लंबी कतारें लगी हैं। कोरोना काल में भी इतने अज्ञात शव नहीं आते थे, मगर पिछले तीन दिनों से ज्यादा शव आ रहे हैं। यहां स्थिति संभालने के लिए गाजियाबाद पुलिस-प्रशासन का सहारा भी लिया जा रहा है। अंतिम संस्कार के लिए शवों की लंबी-लंबी कतारें लग रही हैं। नंबर से शवों का अंतिम संस्कार करवाया जा रहा है। रोजाना 5 से 6 अज्ञात शवों का भी अंतिम संस्कार किया जा रहा है।
बढ़ाया गया स्टाफ : शवों की बढ़ती संख्या के दवाब को देखते हुए श्मशान घाट पर व्यवस्था बढ़ानी पड़ रही है। एक्स्ट्रा स्टाफ जोड़ा जा रहा है। वॉलंटियर्स भी लगाए गए हैं। ठंडा पानी पीने की व्यवस्था की गई है। लकड़ी के काउंटर पर एक्स्ट्रा लोग लगाने पड़ रहे हैं। लोगों को असुविधा न हो, इसका हर तरह से ध्यान रखा जा रहा है।