नगर पुलिस आयुक्त रवीन्द्र सिंघल ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में पत्रकारों को बताया कि कल शाम पुलिस की टीम ने जाल बिछाया और अडगांव इलाके में चार कारों को रोका। उन्होंने कहा कि पुलिस ने इन कारों में 1,000 और 500 रुपए के पुराने नोटों में कुल 1.35 करोड़ रुपए जब्त किए। ये नकली नोट थे। साथ ही पुलिस ने 11 लोगों को गिरफ्तार भी किया। इन नोटों को धुले से नासिक लाया जा रहा था।
सिंघल ने कहा कि पुलिस इन लोगों का पता लगा रही है जो इन नोटों की डिलीवरी लेने वाले थे। हम इन नकली नोटों को छापने के उद्देश्य की भी जांच कर रहे हैं क्योंकि ये नोट ऐसे समय बरामद किए गए जब पुराने 500 और 1000 रुपए के नोटों को चलन से बाहर कर दिया गया है। गिरफ्तार किए गए लोगों में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की नगर युवा इकाई का पूर्व अध्यक्ष छब्बू नागरे और नासिक नगर निगम के लिए कचर एकत्र करने के वाहनों की आपूर्ति करने वाला ठेकेदार रामराव पाटिल भी शामिल है। बाकी आरोपी पुणे, मुंबई, नवी मुंबई और ठाणे से हैं। सिंघल ने कहा कि इन सभी आरोपियों को एक स्थानीय अदालत में पेश किया गया जिसने इन्हें 29 दिसंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया। (भाषा)