कांग्रेस की बिहार इकाई द्वारा अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट किए गए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उनकी मां के एआई निर्मित डीपफेक वीडियो को लेकर एक भाजपा कार्यकर्ता की शिकायत पर दिल्ली पुलिस ने शनिवार को प्राथमिकी दर्ज की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। प्रदेश भाजपा चुनाव प्रकोष्ठ के संयोजक संकेत गुप्ता ने शुक्रवार को नॉर्थ एवेन्यू पुलिस थाने में इस सिलसिले में एक शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने शिकायत में आरोप लगाया कि वीडियो ने प्रधानमंत्री की छवि को धूमिल किया है तथा कानून, नैतिकता का उल्लंघन किया गया और महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाई है।
शिकायत में कहा गया है कि यह वीडियो क्लिप 10 सितंबर को कांग्रेस की बिहार इकाई के आधिकारिक एक्स हैंडल पर पोस्ट की गई थी। अधिकारियों ने बताया कि अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 336 (जालसाजी), 340(2) (जाली दस्तावेज़ या इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड बनाना और उसे असली के रूप में इस्तेमाल करना), 352 (शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान करना), 356(2) (मानहानि) और 61(2) (आपराधिक षडयंत्र) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
इस पोस्ट में, मोदी की दिवंगत मां का कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के इस्तेमाल के जरिये निर्मित कथित वीडियो को साझा किया गया। वीडियो में प्रधानमंत्री अपनी दिवंगत मां के बारे में सपने देखते हुए नजर आ रहे हैं, जो चुनावी राज्य बिहार में उनकी राजनीति को लेकर मोदी की आलोचना करती दिख रही हैं।
भाजपा और उसके सहयोगियों ने वीडियो को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा और इसे शर्मनाक बताया था। साथ ही, उन्होंने कहा था कि विपक्षी पार्टी मोदी पर निशाना साधने के लिए किस हद तक गिर सकती है।
कांग्रेस का कहना है कि प्रधानमंत्री या उनकी मां के प्रति कोई अनादर नहीं दिखाया गया है। कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने कहा था, उन्हें क्या आपत्ति है? सिर्फ इसलिए कि एक मां अपने बेटे को कुछ सही करने की सीख देने की कोशिश कर रही है, इसमें अनादर कहां है? यह न तो उस मां का अनादर है, जिनका हम बहुत सम्मान करते हैं, और न ही बेटे का।
अनुराग ठाकुर ने क्या कहा- निम्न राजनीति का परिचय दिया
भाजपा के नेता अनुराग ठाकुर ने शनिवार को कहा कि कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दिवंगत मां का एआई जनित वीडियो प्रसारित करके निम्न स्तर की राजनीति का परिचय दिया है।
प्रधानमंत्री पर निशाना साधने के लिए कांग्रेस की बिहार इकाई ने बुधवार को अपने एक्स हैंडल पर वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें हिंदी में लिखा था, साहब के सपनों में आई मां। ठाकुर प्रधानमंत्री मोदी के आगामी 75वें जन्मदिन के उपलक्ष्य में आयोजित साइकिल रैली को हरी झंडी दिखाने के लिए पुणे में थे। ठाकुर ने कहा, हर किसी के जीवन में मां का स्थान सर्वोपरि होता है, लेकिन कांग्रेस और राजद इतना नीचे गिर गए हैं कि वे प्रधानमंत्री की दिवंगत मां के बारे में अपशब्दों का प्रयोग कर रहे हैं। एआई से बने इस वीडियो से कांग्रेस और राजद की मानसिकता साफ झलक रही है। क्या राजनीति में किसी की मां को गाली देना जरूरी है?
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने इस कृत्य के लिए माफी नहीं मांगी है और बिहार के साथ-साथ देश की जनता भी पार्टी को माफ नहीं करेगी। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा, बिहार विधानसभा चुनाव में जनता कांग्रेस और राजद को बड़ा झटका देगी। ठाकुर ने उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन के शपथग्रहण समारोह में शामिल न होने पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा।
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा, जब संसद सत्र जारी था, तब भी राहुल गांधी वहां नहीं थे। वह (राहुल) 15 अगस्त के समारोह के दौरान लालकिले पर भी नहीं थे, और अब, जब कल उपराष्ट्रपति का शपथग्रहण समारोह हुआ, तब भी वह अनुपस्थित थे। ऐसा लगता है कि वह भारत विरोधियों के नेता बन गए हैं। वह विपक्ष के नेता की नहीं, भारत विरोधियों के नेता की भूमिका निभाते हैं। इनपुट भाषा Edited by : Sudhir Sharma