नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल, गुजरात, राजस्थान और ओड़िशा में बाढ़ के कारण 180 से अधिक लोग मारे गए हैं और करीब एक करोड़ लोग इससे प्रभावित हुए हैं।
पश्चिम बंगाल : पश्चिम बंगाल में बिजली गिरने, दीवार ढहने, बिजली का करंट लगने और डूबने समेत बाढ़ से संबंधित घटनाओं में अब तक 69 लोग मारे गए हैं। करीब 50 लाख प्रभावित लोगों के लिए कुल 2,213 राहत शिविर लगाए गए हैं और राहत एवं बचाव अभियानों के लिए 234 नावें तैनात की गई हैं।
ओडिशा : ओडिशा में बाढ़ के कारण अब तक पांच लोगों की मौत हुई है और 4,80,399 लोग प्रभावित हुए हैं। राहत एवं बचाव दलों ने 1,574 लेागों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया है। सात राहत शिविर लगाए गए हैं और बचाव अभियानों के लिए 132 नावें तैनात की गई हैं। गृह मंत्री ने ओड़िशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक से बात कर राज्य में बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया। (भाषा)