गजेन्द्र की मां ने ठुकराई केजरीवाल की माफी

शुक्रवार, 24 अप्रैल 2015 (14:36 IST)
जयपुर। दिल्ली में जंतर मंतर पर आम आदमी पार्टी की रैली के दौरान खुदकशी करने वाले किसान गजेन्द्र सिंह के परिजनों ने इस मामले के पीछे साजिश की आशंका जताते हुए कहा कि वह ऐसा कर ही नहीं कर सकता और उसे किसी ने उकसाया होगा। गजेन्द्र की मां ने कहा 'माफी मांगने से अब क्या होगा। मेरे पूत (बेटे) की तो जान चली गई।'
 
गजेन्द्र सिंह की बहन रेखा ने कहा कि जब मेरा भाई पेड़ पर था तो दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दो मिनट के लिए अपना भाषण और रैली क्यों नहीं रोकी। मेरे भाई को क्या दुख था जो वह ऐसा करता। उसे जरूर किसी ने उकसाया है। इसमें किसी की साजिश है। मेरा भाई ऐसा कभी कर ही नहीं सकता था।
 
गजेन्द्र की पुत्री मेधा ने कहा कि पिताजी फसल खराब होने के कारण परेशान जरूर थे लेकिन ऐसा लगता नहीं था कि वे खुदकशी कर लेंगे। उसने कहा कि गजेंद्र के पास से मिले पत्र की लिखावट उसके पिता की नहीं है। पिताजी आप की रैली में दिल्ली गए थे। पता नहीं, उनको क्या हो गया।
 
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने अपनी पार्टी की रैली के दौरान हुई इस घटना पर माफी मांगी है लेकिन गजेन्द्र की मां ने उनकी माफी को खारिज कर दिया है।
 
गौरतलब है कि साफा बांधने में महारथ रखने वाले गजेन्द्र ने बुधवार को दिल्ली में आप की रैली के दौरान एक पेड़ पर फंदे से लटक कर खुदकशी कर ली थी। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें