encounter of gangster romil vohra: हरियाणा में कई हत्याओं और दिल्ली में हथियार मामलों के सिलसिले में एक वांछित गैंगस्टर मंगलवार तड़के दिल्ली-हरियाणा सीमा के पास पुलिस के साथ मुठभेड़ में मारा गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। मृतक की पहचान हरियाणा में यमुनानगर निवासी रोमिल वोहरा के रूप में की गई है। वह यमुनानगर में एक तिहरे हत्याकांड और कुरुक्षेत्र में एक हत्या मामले समेत 8 से अधिक मामलों में वांछित था।
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त ने बताया कि आज सुबह, संयुक्त दल ने दिल्ली-हरियाणा सीमा के पास रोमिल को देखा। मुठभेड़ के दौरान दिल्ली और हरियाणा पुलिस के एक-एक उपनिरीक्षक को चोटें आईं। रोमिल को भी गोलियां लगीं। सभी को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने रोमिल को मृत घोषित कर दिया। प्राधिकारियों ने बताया कि हरियाणा पुलिस ने उस पर 1 लाख रुपए के इनाम की घोषणा की थी। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस मुठभेड़ में मौत होने के संबंध में मानक कानूनी प्रक्रियाओं का पालन किया जा रहा है।(भाषा)