पहलवानों के प्रदर्शन में नया मोड़, गीता फोगाट हुई गिरफ्तार, ट्वीट कर दी जानकारी

गुरुवार, 4 मई 2023 (21:59 IST)
Wrestlers Protest राष्ट्रमंडल खेलों की गोल्ड मेडलिस्ट और प्रदर्शनकारी पहलवान Vinesh Phogat विनेश फोगाट की बड़ी बहन Geeta Phogat गीता फोगाट को दिल्ली पुलिस ने गुरुवार को हिरासत में ले लिया। गीता प्रदर्शनकारी पहलवानों से मिलने दिल्ली जा रही थीं।

उन्होंने ट्वीट किया, “मुझे जंतर-मंतर पर मेरे भाई-बहनों से मिलने जाने के लिये भी रोक दिया गया। पुलिस कह रही है की दो ही रास्ते हैं, या तो अपने घर वापिस जाओ या फिर पुलिस के घर चलो।”

मुझे और मेरे पति पवन सरोहा को दिल्ली पुलिस ने गिरफ़्तार कर लिया है।
बहुत दुःखद

— geeta phogat (@geeta_phogat) May 4, 2023
गीता के अनुसार पुलिस ने उन्हें दिल्ली के रास्ते में करनाल बाइपास पर रोका हुआ था। उन्होंने कुछ देर बाद ट्वीट किया कि पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।

उल्लेखनीय है कि बजरंग पूनिया, विनेश फोगाट और साक्षी मलिक सहित कई पहलवान भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ विरोध प्रदर्शन पर बैठे हैं। श्री सिंह पर महिला पहलवानों के यौन शोषण का आरोप है और प्रदर्शनकारी पहलवान उनकी गिरफ्तारी एवं जांच की मांग कर रहे हैं।

जंतर-मंतर पर बुधवार रात करीब 11 बजे पुलिस ने प्रदर्शनकारी पहलवानों के साथ कथित तौर पर मारपीट की। विनेश और साक्षी ने कहा कि उनके साथ पुरुष पुलिस अफसरों ने गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की। उन्होंने कहा कि संगीता फोगाट के भाई दुष्यंत को इस दौरान चोटें भी आयीं।

बजरंग पूनिया ने बुधवार रात पत्रकारों से कहा कि कुछ लोग बारिश के बाद सोने के लिये चारपाइयां लेकर आये थे, तभी पुलिस ने उन पर हमला कर दिया।

दिल्ली पुलिस की मनमानी
मुझे जंतर- मंतर पर मेरे भाई-बहनों से मिलने जाने के लिए भी रोक दिया गया
पुलिस कह रही है की दो ही रास्ते हैं या तो अपने घर वापिस जाओ या फिर पुलिस के घर चलो

बेहद निंदनीय pic.twitter.com/yKbUT3LOwq

— geeta phogat (@geeta_phogat) May 4, 2023
नयी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त प्रणव तयाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी के विधायक सोमनाथ भारती प्रदर्शन स्थल पर बिना अनुमति चारपाइयां लेकर आये थे। पुलिस के राेकने पर श्री भारती के समर्थक आक्रामक हो गये जिसके बाद झड़प शुरू हो गयी।

बजरंग ने झड़प के बाद मीडिया को दिये गये बयान में देशवासियों और किसानों से प्रदर्शन-स्थल पर पहुंचने की अपील की और कहा कि पुलिस उनकी बहन-बेटियों से बदसलूकी कर रही है।(एजेंसी)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी