हिमाचल में भारी बारिश से बिगड़े हालात, पुल बहे... सड़कें बंद, 55 से ज्यादा लोगों की मौत

Webdunia
सोमवार, 10 जुलाई 2023 (13:36 IST)
Heavy Rain in Himachal Pradesh: यूं तो देश के आधा दर्जन से ज्यादा राज्यों में भरी बारिश के कारण लोगों का जीवन मुश्किल में आ गया है, लेकिन हिमाचल प्रदेश में हालात सबसे ज्यादा खराब हैं। नदियां उफान पर हैं, कहीं पुल पानी के बहाव में ताश के पत्तों की तरह ढह गया। राज्य में अब तक 55 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। सोमवार को ही शिमला जिले की ठियोग तहसील के पलवी गांव में सुबह करीब 11 बजे एक मकान भूस्खलन की चपेट में आ गया। इस हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई। वहीं, मनाली में तीन लोगों के बहने की खबर है। 
 
10 जिलों के लिए रेड अलर्ट : भारी बारिश के मद्देनजर मुख्यमंत्री ने लोगों से घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है। 6 नेशनल हाईवे समेत 800 से ज्यादा सड़कें यातायात के लिए बंद हैं। कुल्लू में दो दिन का स्थानीय अवकाश घोषित किया गया है। सोमवार को भी बारिश का दौर जारी है। कई जगह मकान गिरने और भूस्खलन की खबरें हैं। मौसम विभाग ने 10 जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। आगामी दिनों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। 
 
मंडी के थुनाग बाजार में कीचड़युक्त पानी बहकर आने से बुरा हाल है। लकड़ियों के बड़े-बड़े लट्‍ठे पानी के साथ बहकर आए, जिससे वहां घरों और दुकानों को भी नुकसान पहुंचा। सोशल मीडिया पर इसका वीडियो वायरल हो रहा है। 
 
जनजीवन अस्त-व्यस्त : रविवार को छह और लोगों की मौत हो गई और अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन से सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया, बिजली और पानी की आपूर्ति प्रभावित हुई। सरकार को सभी शैक्षणिक संस्थानों को दो दिनों के लिए बंद करना पड़ा। राज्य के विभिन्न हिस्सों से 60 से अधिक बारिश संबंधी घटनाएं सामने आईं, जिनमें 6 लोगों की मौत हो गई, तीन लापता हो गए। इसके अलावा अधिकांश सड़कें, पुल और राजमार्ग पानी में डूबे हुए हैं।
 
राज्य सरकार के एक अधिकारी ने बताया कि राज्य में बारिश के कहर के कारण मरने वालों की कुल संख्या 55 से ज्यादा हो गई है, जबकि 96 लोग घायल हुए हैं। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि खराब मौसम के पूर्वानुमान के मद्देनजर, राज्य सरकार ने संबंधित जिला प्रशासनों को सुरक्षा उपायों के लिए सतर्क कर दिया है। 
 
न्यायालयों में अवकाश : हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के रजिस्ट्रार जनरल ने सोमवार को यहां जारी अधिसूचना में अधिकारियों को यह सूचित करने का निर्देश दिया गया कि लगातार बारिश के कारण वादकारियों, वकीलों, कर्मचारियों और न्यायिक अधिकारियों की कठिनाइयों के मद्देनजर उच्च न्यायालय और सभी जिला न्यायालयों में 10 जुलाई सोमवार को अवकाश घोषित किया गया है।
 
अधिसूचना में कहा गया है कि अवकाश के स्थान पर किसी अन्य गैर-कार्य दिवस को हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय में कार्य दिवस घोषित किया जाएगा तथा जिला एवं सत्र न्यायाधीशों को हिमाचल प्रदेश राज्य में बार एसोसिएशनों के जरिए इसे आम जनता, वादकारियों और अधिवक्ताओं के संज्ञान में लाया जाए।
 
अतिरिक्त राशि की मांग : कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मूसलाधार बारिश के कारण हिमाचल प्रदेश और उत्तर भारत के कुछ अन्य राज्यों में हुए जान-माल के नुकसान पर सोमवार को दुख जताया और केन्द्र सरकार से आग्रह किया कि पीएम केयर कोष से अतिरिक्त सहायता राशि प्रदान की जानी चाहिए।
 
खरगे ने हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से फोन पर बात भी की और प्रभावित राज्यों के पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया है कि वे राहत एवं बचाव कार्य में अपना योगदान दें।

खरगे ने ट्वीट किया कि उत्तर भारत के राज्यों में बेतहाशा बारिश के कारण कई लोगों की मृत्यु दुखद व पीड़ादायक है। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री से बात हुई। राज्य में राहत कार्यों में तेज़ी आई है और मूसलाधार बारिश से प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए, खराब मौसम के बावजूद हरसंभव प्रयास जारी हैं। (एजेंसी/वेबदुनिया)

सम्बंधित जानकारी

अगला लेख