Himani Narwal Murder case : कांग्रेस कार्यकर्ता हिमानी नरवाल हत्या मामले में विशेष जांच दल (SIT) ने सचिन नामक एक आरोपी को हिरासत में लिया है। मीडिया खबरों के अनुसार, पुलिस पूछताछ में आरोपी ने खुद को हिमानी का बॉयफ्रेंड बताया है। पुलिस आज आरोपी को कोर्ट में पेश करेगी। ALSO READ: हिमानी नरवाल हत्याकांड में आरोपी गिरफ्तार, सूटकेस में मिला था कांग्रेस नेत्री का शव
आरोपी ने दावा किया कि हिमानी के हत्या उसके घर पर ही की गई थी। हत्या के बाद वो 28 फरवरी की सुबह शव को सूटकेस में डालकर ले गया था। आरोपी बताया कि वो हिमानी के साथ काफी समय से रिलेशनशिप में था। पुलिस ने आरोपी से हिमानी का मोबाइल भी बरामद किया है।
प्रारंभिक जांच में ब्लैकमेल करने की बात भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि आरोपी हिमानी को काफी पैसे भी दे चुका था। वह बार-बार और अधिक पैसे की डिमांड कर रही थी। हालांकि पुलिस आरोपी के दावों की जांच कर रही है।
रोहतक में नरवाल का शव शनिवार को सूटकेस में मिलने के एक दिन बाद रविवार को हरियाणा पुलिस ने हत्या के मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया था। पुलिस ने जांच के दौरान सबसे पहले ये पता किया कि हिमानी के करीबी कौन थे और उसने आखिरी बार किससे बात की थी? जांच के दौरान पुलिस को पता चला की हिमानी आरोपी के संपर्क में थी।
नरवाल के परिजनों ने उनके शव का अंतिम संस्कार करने से रविवार को इनकार करते हुए कहा था कि जब तक उनके हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं हो जाती तब तक वे शव का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। नरवाल (20) रोहतक के विजय नगर में रहती थीं। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद आज उसका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
कांग्रेस की हरियाणा इकाई के नेताओं ने नरवाल को एक सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ता बताया। उन्होंने राहुल गांधी की अगुवाई वाली भारत जोड़ो यात्रा में भी हिस्सा लिया था। उन्होंने कहा कि नरवाल कानून की पढ़ाई कर रही थीं और पिछले करीब एक दशक से पार्टी से जुड़ी हुई थीं।