थाईलैंड जाने की सोच रहे हैं तो पहले जानें वहां क्या चल रहा है

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

गुरुवार, 24 जुलाई 2025 (13:57 IST)
Indians should avoid travelling to Thailand: थाईलैंड भारतीयों के बीच एक बहुत ही लोकप्रिय पर्यटन स्थल के रूप में मशहूर है। भारत के करीब होने के कारण यहां कम समय में पहुंचा जा सकता है। तुलनात्मक रूप से यह सस्ता भी है। लेकिन, फिलहाल यदि आप थाईलैंड जाने के बारे सोच रहे हैं, तो यह समय सही नहीं है। क्योंकि थाईलैंड और कंबोडिया के बीच जंग छिड़ गई है, इसलिए सुरक्षा की दृष्टि से वहां जाना बिलकुल भी सही नहीं है।
 
यदि आप पहले से थाईलैंड यात्रा का प्लान बना चुके हैं तो भी इसे टालना ही उचित होगा। क्योंकि कोई नहीं जानता कि दोनों देशों की जंग किस स्तर तक पहुंच जाए। इसके साथ ही यदि भारतीय लोग वहां पहले से मौजूद हैं तो उन्हें भी अपनी सुरक्षा का विशेष खयाल रखना चाहिए। 
 
क्या है मामला : थाईलैंड और कंबोडिया के सैनिकों ने बृहस्पतिवार को सीमा पर एक-दूसरे पर गोलीबारी की, जिसमें कम से कम नौ नागरिकों की मौत हो गई। थाइलैंड की सेना ने बताया कि ज्यादातर लोगों की मौत सी सा केत प्रांत में हुई, जहां एक गैस स्टेशन पर गोलियां चलने के बाद 6 लोगों की मौत हो गई। तीनों सीमा प्रांतों में कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई। मई में एक सशस्त्र टकराव के बाद से दक्षिणपूर्वी एशियाई पड़ोसी देशों के बीच रिश्ते बिगड़ गए हैं। इस टकराव में कंबोडिया के एक सैनिक की मौत हो गई थी। 
  
भारतीयों के लिए क्यों आकर्षक पर्यटन स्थल है थाईलैंड : थाईलैंड कई कारणों से भारतीयों के बीच एक बहुत ही लोकप्रिय पर्यटन स्थल है। भारतीयों के लिए वीजा-ऑन-अराइवल की सुविधा यात्रा को बहुत आसान बनाती है, क्योंकि इसके लिए पहले से वीजा की व्यवस्था करने की आवश्यकता नहीं होती। थाईलैंड में उड़ानें, रहने की जगह और खाने-पीने का खर्च अन्य कई अंतरराष्ट्रीय स्थलों की तुलना में काफी कम है, जिससे यह सभी के यात्रियों के लिए आकर्षक बन जाता है।
 
खूबसूरत समुद्र तट और द्वीप लुभाते हैं : फुकेट, क्राबी, कोह समुई और फी फी द्वीप समूह जैसे स्थान अपने क्रिस्टल-क्लियर पानी, सफेद रेत और शानदार चूना पत्थर की चट्टानों के लिए प्रसिद्ध हैं। यहां स्नॉर्कलिंग, डाइविंग और अन्य जल क्रीड़ाओं का आनंद लिया जा सकता है। बैंकॉक और पटाया जैसे शहरों में शानदार नाइटलाइफ है, जो मनोरंजन और मस्ती के लिए जाना जाता है। इसके साथ ही थाईलैंड अपने लाजवाब स्ट्रीट फूड के लिए जाना जाता है। पैड थाई, मैंगो स्टिकी राइस, टॉम यम सूप जैसे व्यंजन भारतीय पर्यटकों के बीच बहुत पसंद किए जाते हैं।
 
यहां की समृद्ध संस्कृति भी भारतीयों को लुभाती है। थाईलैंड में कई प्राचीन मंदिर और शाही महल हैं, जैसे बैंकॉक का ग्रैंड पैलेस, वाट अरुण (भोर का मंदिर) और वाट फो। यहां की बौद्ध विरासत और पारंपरिक कलाएं भारतीयों को बहुत आकर्षित करती हैं। भारत और थाईलैंड के बीच कई सांस्कृतिक समानताएं भी हैं, विशेष रूप से बौद्ध धर्म का प्रभाव और रामायण जैसी कहानियों का जुड़ाव, जो भारतीय पर्यटकों को अपनत्व का एहसास कराता है।
Edited by: Vrijendra Singh Jhala 
 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी