अब ट्विटर पर भारत के खिलाफ जहर नहीं उगल सकेगा हाफिज सईद!

शुक्रवार, 19 फ़रवरी 2016 (07:39 IST)
नई दिल्ली। सुरक्षा एजेंसियां ट्विटर इंडिया से सम्पर्क करके लश्करे तैयबा संस्थापक हाफिज सईद और जमात उद दावा से संबंधित सभी अकाउंट बंद करने के लिए कहेंगी। इन अकाउंट्स पर अक्सर हाफिज सईद को भारत के खिलाफ जहर उगलते पाया जाता है।
 
अधिकारियों ने कहा कि कई ऐसे अकाउंट हैं जिनका संबंध लश्करे तैयबा के मुखौटा संगठन जमात उद दावा के साथ ही आतंकवादी षड्यंत्रकर्ता सईद से है। इन अकाउंटों को जल्द से जल्द बंद करना जरूरी हो गया है।
 
एक अधिकारी ने कहा, 'हम ट्विटर से सम्पर्क कर रहे हैं जो अमेरिका स्थित अपनी मूल कंपनी से इन खातों को बंद करने के लिए कहेगी। उम्मीद है कि ये जल्द हो जाएगा।'
 
इससे पहले ट्विटर ने विभिन्न देशों की सुरक्षा एजेंसियों से अनुरोध मिलने के बाद जमात उद दावा संचालित कई अकाउंट बंद किए हैं। अनुरोध करने वाले देशों में अमेरिका और भारत शामिल थे। यद्यपि ऐसे अकाउंट कुछ महीने के अंतराल के बाद फिर से उभर आते हैं।
 
सईद के एक फर्जी अकाउंट ने हाल में पाकिस्तानियों से जेएनयू छात्रों का समर्थन करने के लिए कहा था जो कन्हैया कुमार के खिलाफ राजद्रोह का मामला दर्ज होने के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
 
गत रविवार को गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा था कि संसद हमले के दोषी अफजल गुरू को फांसी के खिलाफ जेएनयू में आयोजित कार्यक्रम को सईद का समर्थन था।
 
यद्यपि गृह मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि सिंह का बयान विभिन्न एजेंसियों से प्राप्त जानकारी पर आधारित था। यह कथित तौर पर सईद के फर्जी ट्विटर अकाउंट से किए गए पोस्ट के मद्देनजर किया गया। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें