जाट आंदोलन से दिल्ली परेशान, पानी नहीं, स्कूल बंद

रविवार, 21 फ़रवरी 2016 (13:25 IST)
नई दिल्ली। जाट समुदाय के लिए आरक्षण की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन से उत्पन्न जल संकट को देखते हुए दिल्ली सरकार ने शहर के सभी स्कूलों को सोमवार को बंद रखने की निर्देश दिए हैं।
 
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आज यहां अपने मंत्रिमंडल की आपात बैठक के बाद ये निर्देश दिए। बैठक में शहर के लिए पानी की आपूर्ति बंद करने से उत्पन्न स्थिति पर भी विचार विमर्श किया गया। हरियाणा में जाट समुदाय के लिए आरक्षण की मांग करते हुए आंदोलनकारियों ने दिल्ली के लिए मुनक नहर से पानी की आपूर्ति बंद कर दी है।
 
बैठक में दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष  सिसोदिया, जल मंत्री कपिल मिश्रा और दिल्ली जल बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी भी मौजूद थे।
 
बैठक के बाद सिसोदिया ने बताया कि जल संकट को देखते हुए दिल्ली के सभी स्कूलों को कल बंद करने के आदेश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि हमारे पास पानी नहीं बचा है। आज सुबह पानी की आखिरी बार आपूर्ति कर दी गई। जल संकट को देखते हुए उच्चतम न्यायालय का दरवाजा खटखटाया गया है।’ (वार्ता)

वेबदुनिया पर पढ़ें