कश्मीर में बाढ़ : मोदी ने किया नकवी को नियुक्त

सोमवार, 30 मार्च 2015 (15:05 IST)
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बाढ़ की स्थिति के आकलन तथा सभी तरह की सहायता के वास्ते राज्य प्रशासन के साथ समन्वय के लिए सोमवार को मुख्तार अब्बास नकवी को कश्मीर रवाना किया है।

घाटी में बाढ़ की स्थिति के गंभीर रूप लेने के साथ ही मोदी ने अल्पसंख्यक और संसदीय मामलों के राज्यमंत्री नकवी को राज्य का दौरा करने के लिए नियुक्त किया।

नकवी को बाढ़ की स्थिति के बारे में आकलन करने और राहत अभियान में सैन्य अधिकारियों के साथ ही राज्य सरकार के साथ समन्वय की जिम्मेदारी दी गई है।

बाढ़ प्रभावित घाटी के लिए रवाना होने की तैयारी कर रहे नकवी ने बताया कि केंद्र राज्य को सभी तरह की सहायता मुहैया कराने के लिए प्रतिबद्ध है। वे नुकसान का आकलन करेंगे कि केंद्र से किस तरह की सहायता की जरूरत है। इस तरह की स्थिति फिर पैदा नहीं हो, यह सुनिश्चित करने के रास्तों पर भी वे चर्चा करेंगे।

नकवी ने कहा कि बारिश और बाढ़ से लोग बुरी तरह से प्रभावित हुए हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी हालात को लेकर चिंतित हैं। वे लोगों की मदद के लिए तैयार हैं और प्रतिबद्ध हैं। साथ ही कहा कि जल्द से जल्द वे प्रधानमंत्री को एक रिपोर्ट भी सौंपने की कोशिश करेंगे।

महज 6 महीने के भीतर ही कश्मीर फिर से बाढ़ की चपेट में आ गया है। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें