आप ने किरण बेदी पर लगाया आरोप

शनिवार, 6 अगस्त 2016 (20:54 IST)
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी ने शनिवार को आरोप लगाया कि पुड्डुचेरी की उप-राज्यपाल किरण बेदी वहां की सरकार के कामकाज में ‘दखलंदाजी’कर रही हैं। पार्टी ने यह भी कहा कि केंद्र सरकार पुड्डुचेरी में भी वही तौर-तरीके अपना रही है, जो दिल्ली में अपना रही है।
‘आप’ के नेता संजयसिंह ने आरोप लगाया कि हाल ही में पुड्डुचेरी की उप-राज्यपाल नियुक्त की गईं बेदी इस केंद्रशासित प्रदेश के कामकाज में इस कदर दखल देती हैं कि वे परियोजनाओं से जुड़े आदेश भी जारी कर देती हैं ।
 
बेदी पर निशाना साधते हुए ‘आप’ के विधायक और दक्षिणी राज्यों में पार्टी के प्रभारी सोमनाथ भारती ने आरोप लगाया कि मोदी ने ऐसे लोगों को उप-राज्यपाल के पद पर नियुक्त किया है, जो मुख्यमंत्री बनना चाहते थे लेकिन बन नहीं सके।
 
संजयसिंह ने आरोप लगाया कि किरण बेदीजी ने कहा है कि पुड्डुचेरी में उनके रिट चलते हैं। वे वॉट्सएप ग्रुपों और ट्विटर पर संदेश देती हैं। पुलिस प्रमुख सहित अन्य अधिकारियों को तलब किया जाता है और कहा जाता है कि उन्हें उनकी बात सुननी है। 
 
उन्होंने कहा कि मोदीजी की सरकार लोकतंत्र और संविधान के लिए गंभीर खतरा बन गई है और उसे चुनी हुई सरकारों में कोई विश्वास नहीं है। ‘आप’नेता ने मांग की कि संसद को इस पर गौर करना चाहिए और देश के संघीय ढांचे की मजबूती के लिए एक ठोस कानून पारित करना चाहिए।
 
हालांकि दिलचस्प बात यह है कि पुदुचेरी के मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता वी नारायणसामी ने आज जोर देकर कहा कि उनकी सरकार और उप-राज्यपाल किरण बेदी के बीच किसी तरह के मतभेद नहीं हैं। नारायणसामी ने कहा कि उप-राज्यपाल और सरकार के बीच कोई मतभेद नहीं है। बहरहाल, ‘आप’ नेता भारती ने कहा कि कांग्रेस दिल्ली में किसी और भाषा में बात करती है, लेकिन पुदुचेरी में उसे उन्हीं मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है, जिनसे राष्ट्रीय राजधानी में ‘आप’सरकार जूझ रही है। (भाषा) 

वेबदुनिया पर पढ़ें