किरेन रिजीजू ने ट्वीट किया वीडियो, कहा- हमारे जवान इस तरह बोलने को मजबूर...

गुरुवार, 2 मार्च 2017 (08:28 IST)
नई दिल्ली। गृह राज्यमंत्री किरेन रिजीजू ने भारतीय सेना के एक सर्विंग जवान का वीडियो ट्वीट किया जिसमें वह अफजल और याकूब की तरफदारी करने वालों की आलोचना कर रहा है। उन्होंने कहा कि जवान इस तरह बोलने के लिए मजबूर हो रहे हैं।
 
गृह राज्यमंत्री किरेन रिजीजू ने ट्वीट किया, 'सागर से गहरा है दर्द, हमारे जवान इस तरह बोलने के लिए मजबूर हो रहे हैं। ये बहुत दुःख की बात है।'  इस ट्वीट के साथ भारतीय सेना की मराठा इनफेंट्री के जवान राम गोरदे का वीडियो भी है। इस वीडियो में  श्रीराम गोरदे कह रहे हैं कि सैनिक आतंकवाद से लड़ते हैं, माओवाद से लड़ते हैं, नक्‍सलवाद से लड़ते हैं। लेकिन देश के लिए खतरा आतंकवादियों और माओवादियों से नहीं बल्कि उन लोगों से है जो देश के विरोध में नारे लगाते हैं।
 
वीडियों में जवान ने कहा कि देश में अफजल गुरु के समर्थन के नारे लगते हैं और याकूब मेमन के जनाजे में जनसैलाब उमड़ता है। देश में कुछ लोग देशद्रोही भारत मुर्दाबाद के नारे लगाते हैं और तिरंगे को जलाते हैं।
 

Pain runs deeper than the Ocean. Very sad that our jawans are forced to speak with heavy heart. pic.twitter.com/1AbLScDnor

— Kiren Rijiju (@KirenRijiju) March 1, 2017
श्रीराम ने आगे कहा कि जवान के शहीद होने पर कोई कुछ नहीं बोलता लेकिन जब सर्जिकल स्ट्राइक होती है तो सबूत मांगे जाते हैं। बता दें कि यह वीडियो दिसंबर 2016 का है लेकिन वर्तमान हालातों के चलते अब चर्चा में है।
 
उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों शहीद की बेटी गुरमेहर के बयान और वीडियो के बाद से ही एक बार फिर से देश में अभिव्यक्ति की आजादी और देशभक्ती को लेकर माहौल गर्म है। 

वेबदुनिया पर पढ़ें