Weather Updates: देशभर में मौसम (weather) का मिजाज लगातार बदलता जा रहा है। इसी कड़ी में कहीं भीषण गर्मी (severe heat) पड़ रही है तो कहीं आईएमडी (IMD) द्वारा आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। आईएमडी के अनुसार आज सोमवार, 14 अप्रैल को उत्तर-पश्चिमी भारत में गर्मी से राहत की उम्मीद है जबकि पूर्वोत्तर और दक्षिणी राज्यों में बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां तेज हो सकती हैं। बंगाल की खाड़ी (Bay of Bengal) में कम दबाव का क्षेत्र सक्रिय होने से तटीय और पूर्वी क्षेत्रों में मौसमी हलचल बढ़ने की संभावना है। आईएमडी के अनुसार आज कैसा रहेगा मौसम जानिए।
अन्य राज्यों का मौसम : राजस्थान में गर्मी जारी रहेगी। उत्तरप्रदेश के कई जिलों में आंधी बारिश का अंदेशा है। उत्तराखंड में भी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में मौसम ठंडा रहेगा जबकि पश्चिम बंगाल के कई इलाकों में बारिश होने की संभावना है। बिहार में आज गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। पटना में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। बारिश से तापमान में कमी आएगी लेकिन उमस बनी रहेगी।
दक्षिण-पूर्व मध्यप्रदेश पर चक्रवाती परिसंचरण से विदर्भ होते हुए तेलंगाना के मध्य भागों तक समुद्र तल से 0.9 किमी ऊपर एक द्रोणिका फैली हुई है। एक और चक्रवाती परिसंचरण मेघालय पर बना हुआ है। पश्चिम राजस्थान के मध्य भागों से दक्षिण-पूर्व मध्यप्रदेश, उत्तर-पूर्व राजस्थान और उत्तर-पूर्व मध्यप्रदेश पर चक्रवाती परिसंचरण तक एक द्रोणिका फैली हुई है। 16 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करने की संभावना है।
पिछले 24 घंटों के मौसम की गतिविधि : पिछले 24 घंटों के दौरान मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, उपहिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, केरल, तमिलनाडु, आंतरिक कर्नाटक, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में तेज हवाओं और अलग-अलग ओलावृष्टि के साथ हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ीं।
आज सोमवार के मौसम की संभावित गतिविधि : स्काईमेट वेदर (skymetweather) के अनुसार आज सोमवार, 14 अप्रैल को पूर्वी उत्तरप्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और उत्तर-पूर्वी मध्यप्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। सिक्किम, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, केरल, तमिलनाडु और आंध्रप्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।