Weather Update: दिल्ली (Delhi) में मंगलवार को इस मौसम का सबसे अधिक न्यूनतम तापमान (minimum temperature) (13.3 डिग्री सेल्सियस) दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.2 डिग्री अधिक है, वहीं अधिकतम तापमान (maximum temperature) 28.8 डिग्री सेल्सियस रहा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने यह जानकारी दी।
मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार आज बुधवार, 19 फरवरी को दिल्ली और एनसीआर सहित विभिन्न हिस्सों में मौसम में बदलाव देखा जाएगा। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज दिल्ली में हल्की बारिश की संभावना है। साथ ही एनसीआर में 19 और 20 फरवरी को तेज बारिश हो सकती है। जयपुर और राजस्थान के कई जिलों में भी हल्की बारिश दर्ज की गई है। मुंबई में तापमान में गिरावट की संभावना है।
यूपी में मौसम खिलने व धूप निकलने से ठंड हुई कम : उत्तरप्रदेश में दिन में तेज धूप निकलने से ठंड कम हो रही है। लखनऊ समेत कई जिलों में गर्मी पड़ रही है। आने वाले दिनों में मौसम साफ रहने की संभावना है इसलिए गर्मी जारी रह सकती है। हालांकि 20 फरवरी को बारिश के आसार हैं। प्रदेश में तापमान धीरे-धीरे बढ़ रहा है।
मुंबई में गर्मी से लोग परेशान : मुंबई में गर्मी से लोग परेशान हैं। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक 19 फरवरी से मुंबई के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। अभी मुंबई का दिन का तापमान 34 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच है। इस साल जनवरी मुंबई के लिए अब तक का सबसे गर्म महीना रहा। फिर भी मुंबई का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के पार नहीं गया। लेकिन फरवरी में गर्मी बढ़ रही है। पिछले हफ्ते मुंबई का तापमान लगातार 2 दिन 36 डिग्री सेल्सियस के पार रहा।
पश्चिमी विक्षोभ उत्तर पाकिस्तान और आसपास के इलाकों में : पश्चिमी विक्षोभ इस समय उत्तर पाकिस्तान और आसपास के इलाकों में बना हुआ है। एक प्रेरित चक्रवातीय प्रणाली (Cyclonic Circulation) पश्चिमी राजस्थान पर सक्रिय है। दक्षिण-पश्चिम मध्यप्रदेश में भी चक्रवाती प्रणाली बनी हुई है। पूर्वोत्तर असम में भी एक चक्रवाती परिसंचरण मौजूद है। 19 फरवरी से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र की ओर बढ़ेगा।
आज बुधवार के मौसम की संभावित गतिविधि : स्काईमेट वेदर (skymetweather) के अनुसार आज बुधवार, 19 फरवरी को हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश में हो सकती है। हल्की बारिश गंगीय पश्चिम बंगाल, पूर्वोत्तर भारत और पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में संभव है। 19-20 फरवरी को पंजाब, हरियाणा और उत्तर राजस्थान में बारिश की गतिविधियां तेज हो जाएंगी। गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, लद्दाख, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी और बारिश तेज हो सकती है।(Photo courtesy: IMD)