Weather Update: IMD का पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट, दिल्ली में 11 मार्च से बढ़ेगा तापमान

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

शुक्रवार, 8 मार्च 2024 (08:41 IST)
Weather Update: देश के कुछ मैदानी इलाकों में पछुआ हवाओं के चलने के  कारण मौसम (weather) का मिजाज बदला हुआ है। वहीं दूसरी ओर भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार 10 मार्च की रात से एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ के पश्चिमी हिमालय क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है। इस विक्षोभ के प्रभाव से 12 मार्च तक पहाड़ी इलाकों में ताजा बारिश और बर्फबारी (rain and snowfall) होगी।

ALSO READ: Weather Update: उत्तर भारत में फिर बारिश और बर्फबारी की संभावना, राजधानी दिल्ली में तापमान गिरा
 
दिल्ली में 11 मार्च से तापमान बढ़ेगा : वहीं मौसम विभाग के अनुसार राजधानी दिल्ली में 11 मार्च से तापमान में वृद्धि होगी और मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के अनुसार फरवरी माह के अंत में न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिली थी, लेकिन बीते कई दिनों से एक बार फिर गिरावट दर्ज की जा रही है। इसके चलते दिल्ली में सुबह-शाम ठंड बनी हुई है।
 
चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र दक्षिण ओडिशा पर स्थित : IMD के अनुसार एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र निचले क्षोभमंडल स्तर पर दक्षिण ओडिशा पर स्थित है। इसके प्रभाव से 8 मार्च तक ओडिशा, उपहिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में छिटपुट बारिश होने की संभावना है। मौजूदा पश्चिमी विक्षोभ के पूर्व की ओर बढ़ने से अगले 2 दिनों के दौरान अरुणाचल प्रदेश में बारिश की स्थिति बनेगी।

ALSO READ: Weather Update: बद्रीनाथ में 6 फीट बर्फ जमी, IMD ने जताई आंधी-तूफान और बर्फबारी की आशंका
 
वहीं उत्तरप्रदेश में 8 मार्च को मौसम साफ रहने के आसार हैं। पूर्वी उत्‍तरप्रदेश के लिए भी कोई अलर्ट नहीं जारी किया गया है। 9 मार्च को पश्चिम से लेकर पूरब तक मौसम शुष्‍क रहने की उम्‍मीद है। 10, 11 और 12 मार्च को भी पश्चिमी और पूर्व उत्‍तरप्रदेश में मौसम की स्थिति जस की तस बनी रहने के आसार हैं।
 
पश्चिमी विक्षोभ मध्य क्षोभमंडलीय हवाओं में एक गर्त के रूप में बना हुआ है जिसकी धुरी समुद्र तल से 5.8 किमी ऊपर है और लगभग 65 डिग्री पूर्व देशांतर के साथ 32 डिग्री उत्तर अक्षांश के उत्तर में है। उत्तर-पश्चिमी उत्तरप्रदेश और इससे सटे हरियाणा पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है।

ALSO READ: Weather Update : इंदौर में 21 साल बाद कोल्ड डे, कई राज्यों में बारिश-बर्फबारी का अलर्ट
 
एक ट्रफ रेखा दक्षिणी तमिलनाडु से पूर्वी विदर्भ तक आंतरिक कर्नाटक होते हुए फैली हुई है। दक्षिणी ओडिशा पर एक ट्रफ रेखा बनी हुई है। पूर्वी असम पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। 10 मार्च की रात से एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय क्षेत्र के करीब पहुंचने की संभावना है।
 
आज के मौसम की संभावित गतिविधि : स्काईमेट वेदर (skymet weather) के अनुसार आज शुक्रवार को पश्चिमी हिमालय में 8 मार्च को और फिर 10 से 15 मार्च के बीच हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी संभव है जिसकी तीव्रता 13 मार्च को चरम पर होगी। ओडिशा में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। गंगीय पश्चिम बंगाल और झारखंड के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश संभव है।(Photo Courtesy: IMD)
 
Edited by: Ravindra Gupta

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी