Weather Updates: उत्तर भारत बना आग की भट्टी, दिल्ली में गर्मी ने तोड़ा 79 सालों का रिकॉर्ड

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

गुरुवार, 30 मई 2024 (09:00 IST)
Weather Updates: दिल्ली में भीषण गर्मी पड़ रही है और अब यह आग की भट्टी बन गया है। इसी के साथ ही एनसीआर भी आग की भट्टी की तरह धधक रहा है। हर दिन तापमान के एक नए रिकॉर्ड बन रहे हैं। दिल्ली के सफदरजंग मौसम केंद्र ने बुधवार को अधिकतम तापमान 46.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। यह 79 वर्षों में सबसे अधिक है। भीषण गर्मी और टेंपरेचर को देखकर हर किसी का पारा हाई हो-हो जा रहा है। दूसरी ओर केरल में 1-2 दिनों में मानसून पहुंच जाएगा।
 
दिल्ली में गर्मी ने तो 79 सालों का रिकॉर्ड ही तोड़ दिया है। 79 साल में पहली बार दिल्ली में इतनी गर्मी पड़ी है। गर्मी का आलम यह है कि दिल्ली में तापमान 52 डिग्री सेल्यिसस पार कर चुका है।

ALSO READ: Heat Wave: दिल्ली में टूटा गर्मी का रिकॉर्ड, तापमान जानकर उड़ जाएंगे होश
 
50 डिग्री तो अब दिल्ली के लिए न्यू नॉर्मल : 50 डिग्री तो अब दिल्ली के लिए न्यू नॉर्मल हो गया है। दिल्ली का तापमान देखकर खुद आईएमडी का पारा हाई हो-हो जा रहा है। यही वजह है कि आईएमडी को भी अपने डेटा पर विश्वास नहीं हो रहा है। खुद आईएमडी को शक है कि इसमें कुछ झोल है। आईएमडी को लग रहा है कि मशीन में कोई गड़बड़ी है। यहां तापमान में इतना ज्‍यादा अंतर सेंसर में गलती या किसी अन्‍य स्थानीय कारक की वजह से हो सकता है।
 
मौसम विभाग का कहना है कि आईएमडी यहां लगे डेटा और सेंसर की जांच कर रहा है। खुद केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू इस टेंपरेचर को देखकर हैरान हैं। उन्हें भी यकीन नहीं हो रहा है। उन्होंने भी कहा है कि संभावना है कि टेंपरेचर का माप करने वाली मशीन में कुछ त्रुटि हो सकती है। जो डेटा आए हैं, उन्हें वेरीफाई करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। दिल्ली के मुंगेशपुर इलाके में बुधवार को अधिकतम तापमान 52.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह राष्ट्रीय राजधानी में अब तक दर्ज किया गया सर्वाधिक तापमान है।

ALSO READ: Heat wave in Bihar : बिहार में गर्मी से बेहोश हुए बच्चे, 8 जून तक स्कूल, कोचिंग संस्थान बंद करने के आदेश
 
दिल्ली के प्राथमिक मौसम विज्ञान केंद्र, सफदरजंग वेधशाला में बुधवार को अधिकतम तापमान 46.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो 79 वर्षों में सबसे अधिक है। आधिकारिक आंकड़ों में यह जानकारी दी गई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के आंकड़ों के अनुसार 17 जून, 1945 में दिल्ली का अधिकतम तापमान 46.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
 
केंद्रीय पृथ्वी विज्ञान मंत्री किरेन रीजीजू ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि अभी तक इसकी आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हुई है। दिल्ली में 52.3 डिग्री सेल्सियस तापमान बहुत कम होने की संभावना है। आईएमडी में हमारे वरिष्ठ अधिकारियों को समाचार रिपोर्ट की पुष्टि करने के लिए कहा गया है। आधिकारिक स्थिति जल्द ही बताई जाएगी।
 
इसलिए बढ़ रहा तापमान : आंकड़ों के अनुसार शहर के अन्य इलाकों में भी गर्मी रही और नजफगढ़ में अधिकतम तापमान 49.1 डिग्री सेल्सियस, पूसा में 49 डिग्री सेल्सियस और नरेला में 48.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकारियों के अनुसार राजस्थान से शहर में गर्म हवाएं चलने के कारण राष्ट्रीय राजधानी में तापमान बढ़ गया।
 
दिल्ली में बुधवार शाम अचानक मौसम में बदलाव आया और आसमान में बादल छा गए तथा कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी भी हुई जिससे दिल्लीवासियों को कुछ राहत मिली। हालांकि इससे आर्द्रता का स्तर बढ़ सकता है जिससे लोगों की बेचैनी बढ़ सकती है, क्योंकि पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले दिनों में भी लू और गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा।

ALSO READ: Severe heat in Rajasthan: राजस्थान में भीषण गर्मी का दौर, मौसम विभाग ने जारी किया रेड अलर्ट
 
केरल में अगले 1 से 2 दिनों में मानसून : केरल में अगले 1 से 2 दिनों के दौरान मानसून पहुंचने के लिए परिस्थितियां अनुकूल होती जा रही हैं। दक्षिण अरब सागर के कुछ और हिस्सों, मालदीव और कोमोरिन क्षेत्र के शेष हिस्सों, लक्षद्वीप क्षेत्र के कुछ हिस्सों, केरल, दक्षिण-पश्चिम और मध्य बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों, उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी और पूर्वोत्तर राज्य के कुछ हिस्सों में इसी अवधि के दौरान दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं।
 
पूर्वोत्तर असम और आसपास के क्षेत्र में अच्छी तरह से चिह्नित निम्न दबाव क्षेत्र (चक्रवाती तूफान रेमल के अवशेष) उसी क्षेत्र में निम्न दबाव क्षेत्र में बदल गया है, उससे जुड़ा हुआ चक्रवाती परिसंचरण मध्य क्षोभमंडल स्तर तक फैला हुआ है। उत्तर-पश्चिम उत्तरप्रदेश के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण है। दक्षिण तमिलनाडु और आसपास के क्षेत्रों में औसत समुद्र तल से 5.8 किलोमीटर ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। 30 मई से उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ आ सकता है।

ALSO READ: 30 मई के बाद मिलेगी भीषण गर्मी से राहत, लेकिन...
 
इन राज्यों में लू की स्थिति बनी रही : बुधवार को राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली के अधिकांश हिस्सों, उत्तरप्रदेश, मध्यप्रदेश के कई हिस्सों और बिहार, हिमाचल प्रदेश में 1 या 2 स्थानों पर लू से लेकर भीषण लू की स्थिति बनी रही। विदर्भ, जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों और उत्तराखंड, छत्तीसगढ़ में एक या दो स्थानों पर लू की स्थिति बनी रही।
 
पटना: राज्य में कुछ हिस्सों में तापमान 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। बुधवार को लू लगने से एक दारोगा समेत 13 लोगों की मौत की सूचना है। गर्मी से 337 विद्यार्थियों और शिक्षक-
शिक्षिकाओं की तबीयत बिगड़ गई।
 
इंदौर का तापमान 40.8 डिग्री पर पहुंचा : इंदौर में बुधवार को नौपता का 5वां दिन रहा, लेकिन तापमान में गिरावट देखने को मिली। दिनभर धूप रहने के साथ ही हवा भी चली। पश्चिमी-उत्तर पश्चिमी की तरफ से हवा चली। रफ्तार 26 किमी प्रतिघंटे की रही।
 
आज के मौसम की संभावित गतिविधि : स्काईमेट वेदर (Skymet Weather) के अनुसार आज गुरुवार को लक्षद्वीप, केरल, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, सिक्किम और पूर्वोत्तर भारत में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश संभव है। ओडिशा, दक्षिणी छत्तीसगढ़, तमिलनाडु, तटीय और दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक, तथा कोंकण और गोवा में हल्की बारिश संभव है।
 
राजस्थान और उत्तरी मध्यप्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज के साथ छींटें पड़ सकते हैं। आज राजस्थान के अधिकांश हिस्सों, हरियाणा, दिल्ली, उत्तरप्रदेश, मध्यप्रदेश के कुछ हिस्सों में लू से लेकर भीषण लू की स्थिति हो सकती है। उसके बाद धीरे-धीरे इसमें कमी आएगी। बिहार, झारखंड, विदर्भ और छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में लू की स्थिति संभव है।(Photo courtesy: IMD)
 
Edited by: Ravindra Gupta

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी