विधायकों को दिवाली की छुट्टी, मुंबई नहीं जाएंगे राजनाथ

मंगलवार, 21 अक्टूबर 2014 (09:10 IST)
नई दिल्ली। महाराष्ट्र में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी भाजपा फिलहाल सरकार बनाने को लेकर जल्दबाजी में नहीं दिख रही। भाजपा नेता राजनाथ सिंह और जेपी नड्डा का मुंबई दौरा टाल दिया है और विधायकों को भी दिवाली की छुट्टी पर घर भेज दिया गया है।
 
मुंबई में भाजपा विधायक दल की बैठक टाल दी गई है। विधायकों को दिवाली की छुट्टी मनाने भेज दिया गया है।

भाजपा के चुनाव पर्यवेक्षक के रूप में महाराष्ट्र जाने के संबंध में गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि वह दिवाली के बाद महाराष्ट्र जाएंगे।
 
उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र के सीएम के तौर पर देवेंद्र फडणवीस और पंकजा मुंडे का नाम सबसे आगे है। हालांकि, अभी साफ नहीं है कि भाजपा राकांपा के साथ सरकार बनाएगी या शिवसेना के साथ।
 
राकांपा के बाहर से समर्थन देने की पेशकश और भाजपा द्वारा निर्दलीय विधायकों के अपने पाले में होने के दावे के बाद शिवसेना पर भाजपा के साथ जाने का दबाव बढ़ गया है। 

खबर है कि सरकार बनाने को लेकर भाजपा और शिवसेना में पर्दे के पीछे बातचीत चल रही है। शि‍वसेना ने समर्थन के बदले उपमुख्यमंत्री, गृह मंत्रालय, वित्त, पीडब्ल्यूडी औ सिंचाई मंत्रालय की मांग की है। हालांकि भाजपा ने समर्थन को लेकर अब तक अपने पत्‍ते नहीं खोले हैं।

वेबदुनिया पर पढ़ें