गांधीजी के संदेश पर आधारित एलबम लांच

सोमवार, 3 अक्टूबर 2016 (23:30 IST)
नई दिल्ली। देश राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 147वीं जयंती मना रहा है और लोग अपनी-अपनी तरह से बापू को श्रद्धांजलि दे रहे हैं। रक्षा मंत्रालय के एक अधिकारी ने राष्ट्रपिता के प्रेम और करुणा के संदेश पर आधारित वीडियो एलबम 'बस एक पल' को सोमवार को लांच कर उसे गांधीजी को समर्पित किया। 
 
इस एलबम से गायकी की दुनिया में कदम रख रहे अजय सहगल ने कहा कि हर भारतीय की तरह वे भी महात्मा गांधी के विचारों से काफी प्रभावित हैं और इसीलिए उन्होंने गांधी जयंती के मौके पर अपने पहले सिंगल (एक गाने का एलबम) को रिलीज किया है जिसके बोल हैं- 'मन की नदी में उथल-पुथल, इन लहरों से तू बच के चल, इन्हें दूर से निहार ले...'। गाने के बोल उन्होंने खुद लिखे हैं और मशहूर संगीतकार गुरमीत सिंह ने इसमें संगीत दिया है। 
 
रक्षा मंत्रालय के जयपुर कार्यालय में कार्यरत अजय ने बताया कि इस गीत को लिखने की प्रेरणा उन्हें महात्मा गांधी के साथ स्वामी विवेकानंद, स्वामी दयानंद सरस्वती जैसे संतों एवं महापुरुषों के विचारों से मिली जिन्होंने लोगों को प्रेम और करुणा का संदेश दिया। उन्होंने इस एलबम को गांधीजी के साथ मानवता को समर्पित किया है।
 
इस वीडियो को राजस्थान के जयपुर और सीकर की बेहतरीन लोकेशंस पर फिल्माया गया है। रक्षा विभाग जैसे महत्वपूर्ण विभाग में काम करने और गीत-संगीत के प्रति रुचि दोनों ही दो छोर पर होने जैसा है? इस संबंध में पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि वे कॉलेज के दिनों से ही स्टेज पर गाने गाते थे लेकिन 1998 में एक दुर्घटना के बाद उनकी वोकल कॉर्ड क्षतिग्रस्त हो गई थी, जो कि 2003 में ठीक हुई। इस दौरान चिकित्सकों ने उन्हें गायकी से दूर रहने की सलाह दी थी लेकिन ठीक होने केबाद उन्होंने दोबारा गाना शुरू किया। 
 
इससे पहले 'वंदे मातरम्' को समर्पित उनके गीत को इंडियन आयडल-6 के विजेता विपुल मेहता ने गाया था। यह पिछले साल रिलीज हुआ था। मोहम्मद रफी, किशोर कुमार और लता मंगेशकर उनके पसंदीदा गायक हैं। (वार्ता) 

वेबदुनिया पर पढ़ें