खरगे ने साधा नड्डा पर निशाना, कहा- आजादी की लड़ाई में योगदान न देने वाले लोग असली देशविरोधी

शुक्रवार, 17 मार्च 2023 (14:48 IST)
नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने राहुल गांधी पर भारतीय जनता पार्टी के प्रमुख जेपी नड्डा के हमले को लेकर पलटवार करते हुए शुक्रवार को आरोप लगाया कि जिन्होंने आजादी की लड़ाई में रत्तीभर भी योगदान नहीं दिया, वे लोग असली देशविरोधी हैं और लोकतंत्र की बात करने वाले राहुल गांधी सच्चे देशभक्त हैं।
 
खरगे ने ट्वीट किया कि जिन्होंने आजादी की लड़ाई में रत्तीभर भी योगदान नहीं दिया, वे असली देशविरोधी हैं। भाजपा के लोग भयावह बेरोजगारी, कमरतोड़ महंगाई और परम मित्र के घोटाले को छिपाने के लिए, इससे ध्यान भटकाने के लिए ये सब बातें कर रहे हैं।
 
उन्होंने दावा किया कि खुद मोदीजी 6-7 देशों में जाकर व विदेशी धरती पर जाकर बोल चुके हैं कि हिन्दुस्तान के लोग ये बोल रहे हैं कि हमने क्या पाप किया, जो हम भारत में पैदा हुए? ऐसा व्यक्ति हमको देशविरोधी बोल रहा है? कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को माफी मांगनी चाहिए, क्योंकि उन्होंने विदेश में जाकर देश का अपमान किया है।
 
खरगे का कहना था कि जेपी नड्डा ने जो कुछ कहा है, हम उसकी घोर निंदा करते हैं। उनको मालूम होना चाहिए कि मोदीजी ने चीन में जाकर, अमेरिका में जाकर, दक्षिण कोरिया में जाकर- भारत के नागरिकों का अपमान किया। मोदीजी को माफी मांगनी चाहिए। हमारा माफी मांगने का कोई सवाल ही पैदा नहीं होता।
 
उन्होंने जोर देकर कहा कि जो व्यक्ति लोकतंत्र की बात करता है, उस पर चिंता जताता है, वह देशविरोधी नहीं हो सकता। वह सच्चा देशभक्त है। अगर संसद में राहुलजी को बोलने का मौक़ा मिलेगा तो हम भाजपा के इन आरोपों का पुरजोर जवाब देंगे।
 
उल्लेखनीय है कि भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भारतीय लोकतंत्र की स्थिति पर ब्रिटेन में राहुल गांधी की हालिया टिप्पणी को लेकर शुक्रवार को उन पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि वे भारत के खिलाफ काम करने वाले उस टूलकिट का स्थायी हिस्सा बन गए हैं, जो भारत में कमजोर और गठबंधन की मजबूर सरकार चाहता है ताकि उसका फायदा उठाया जा सके।
 
नड्डा ने एक बयान में गांधी पर अरबपति फाइनेंसर जॉर्ज सोरोस की भाषा बोलने का आरोप भी लगाया और दावा किया कि कांग्रेस और तथाकथित वाम उदारवादी देश के खिलाफ विदेशी ताकतों की गहरी साजिश का हिस्सा बन गए हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रविरोधी कांग्रेस नेता पाकिस्तान की भाषा बोल रहे हैं।(भाषा)
 
Edited by: Ravindra Gupta

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी