भवानीपुर उपचुनाव में ममता बनर्जी की बड़ी जीत, तोड़ा 10 साल पुराना रिकॉर्ड

Webdunia
रविवार, 3 अक्टूबर 2021 (14:56 IST)
कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भवानीपुर उपचुनाव में बड़ी जीत दर्ज की। उन्होंने भाजपा की प्रियंका टिबरेवाल को 58,832 से ज्यादा वोटों से हराया। साल 2011 में उन्होंने यहां से 54,000 से अधिक वोट से जीत दर्ज की थी। मुर्शिदाबाद की समसेरगंज और जांगीपुर सीटों पर भी ममता की तृणमूल कांग्रेस आगे चल रही है।
 
ममता बनर्जी ने जीत के बाद कहा कि मैंने भवानीपुर विधानसभा उपचुनाव 58,832 वोटों से जीत लिया है। मैंने यहां हर वार्ड से जीत दर्ज की है।
 
भाजपा उम्मीदवार प्रियंका टिबरेवाल ने अपनी हार स्वीकार करते हुए कहा कि मैं हार स्वीकार करती हूं, लेकिन वे लोग कह रहे थे कि ममता एक लाख वोट से जीतेंगी, लेकिन उन्हें लगभग 50 हजार वोट मिला है। मैं ममता बनर्जी को बधाई देती हूं लेकिन वह जिस तरह से चुनाव जीतीं है उसे सभी लोगों ने देखा है।
 
दक्षिण कोलकाता की भवानीपुर सीट से ममता बनर्जी को 62,760 मत मिले हैं। उनकी करीबी प्रतिद्वंद्वी भारतीय जनता पार्टी की प्रियंका टिबरेवाल को 20,468 मत मिले हैं।
 
 
 
उल्लेखनीय है कि भवानीपुर सीट से बनर्जी की प्रतिद्वंद्वी भारतीय जनता पार्टी की प्रियंका टिबरेवाल ने शनिवार रात को कलकत्ता उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश राजेश बिंदल को पत्र लिखकर उनसे चुनाव नतीजे घोषित होने के बाद हिंसा की किसी तरह की घटना को रोकने के लिए एहतियातन कदम उठाने का पुलिस को आदेश देने का अनुरोध किया था।
 

सम्बंधित जानकारी

अगला लेख