दिवाली पर खट्टर फिर बने हरियाणा के मुख्यमंत्री, चौटाला उपमुख्यमंत्री

रविवार, 27 अक्टूबर 2019 (14:22 IST)
चंडीगढ़। राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य ने रविवार को मनोहर लाल खट्‍टर को हरियाणा के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ दिलाई। दुष्‍यंत चौटाला ने उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली।

दिवाली के दिन हुए शपथ ग्रहण समारोह में खट्टर और चौटाला ने ही शपथ ली। आज सुबह से कयास लगाए जा रहे थे कि इन दोनों के साथ ही 4 अन्य नेता भी मंत्री के रूप में शपथ लेंगे। इनमें से 2 भाजपा और 2 जजपा के होंगे।मंत्रिमंडल का विस्तार बाद में किया जाएगा।
 
भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, पंजाब के राज्यपाल वीपी सिंह बदनोरे, पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल, केन्द्रीय मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर, आरएल कटारिया, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा और शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल भी समारोह में मौजूद थे।
 
जजपा नेता दुष्यंत चौटाला के पिता अजय चौटाला भी समारोह में थे। अजय चौटाला हरियाणा में शिक्षक भर्ती घोटाला मामले में तिहाड़ जेल में बंद थे, उन्हें शनिवार को ही फर्लो मिला है। दुष्यंत की मां नैना चौटाला भी वहां मौजूद थीं।
 
पिछली बार 26 अक्टूबर 2014 को जब खट्टर ने शपथ ली थी, तब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लाल कृष्ण आडवाणी, अमित शाह समेत कई केंद्रीय मंत्रियों और बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों एवं अकाली दल के वयोवृद्ध नेता प्रकाश सिंह बादल मौजूद थे।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी