नई दिल्ली। पिछले साल नवंबर में बड़े मूल्य के नोट बंद किए जाने के बाद से देश मे अरबपतियों की संख्या में 11 की कमी आई है। हालांकि इस दौरान देश में अरबपतियों की कुल संपदा में उल्लेखनीय इजाफा हुआ है। मुकेश अंबानी 26 अरब डॉलर की संपदा के साथ सबसे अमीर व्यक्ति बने हुए हैं। जारी एक अध्ययन में यह आंकड़ा सामने आया है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि नोटबंदी के बाद हालांकि देश में अरबपतियों की संख्या में कमी आई है लेकिन उनकी कुल संपत्ति पिछले साल की तुलना में 16 प्रतिशत बढ़ी है। शीर्ष दस सबसे अमीर लोगों की सूची में अंबानी के बाद 14 अरब डालर की संपदा के साथ एसपी हिंदुजा और परिवार दूसरे स्थान पर है। 14 अरब डालर की संपत्ति के साथ दिलीप सांघवी तीसरे स्थान पर हैं।
अन्य लोगों में 12 अरब डॉलर की संपदा के साथ पल्लोनजी मिस्त्री चौथे, लक्ष्मी निवास मित्तल पांचवे (12 अरब डॉलर), शिव नादर छठे (12 अरब डॉलर), साइरस पूनावाला सातवें (11 अरब डॉलर), अजीम प्रेमजी आठवें (9.7 अरब डालर), उदय कोटक नौवें (7.2 अरब डॉलर) और डेविड रबेन और साइमन रबेन दसवें (6.7 अरब डॉलर) स्थान पर हैं।
रिपोर्ट में कहा गया है कि पिछले साल 8 नवंबर को नोटबंदी के बाद देश में अरबपतियों की संख्या में 11 की कमी आई है। मुंबई में 42, दिल्ली में 21 और अहमदाबाद में 9 अरबपति हैं। बंबई सहित महाराष्ट्र में कुल मिलाकर 51 अरबपति है। (भाषा)