न्यूयॉर्क। फोर्ब्स पत्रिका की ताजा सर्वे रपट के मुताबिक दुनिया में अमेरिका और चीन के बाद सबसे अधिक अरबपति भारत में हैं, जबकि रिलायंस इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष मुकेश अंबानी ने चीनी कारोबारी जैक मा को पछाड़कर एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति का स्थान फिर हासिल कर लिया है।
फोर्ब्स की दुनिया के अरबपतियों की 35वीं वार्षिक सूची में अमेजन के सीईओ और संस्थापक जेफ बेजोस लगातार चौथे साल शीर्ष पर हैं। फोर्ब्स ने कहा कि बेजोस की शुद्ध संपत्ति 177 अरब अमरीकी डॉलर है, जो एक साल पहले 64 अरब अमरीकी डॉलर थी।
इस सूची में दूसरे स्थान पर स्पेसएक्स के संस्थापक एलन मस्क हैं, जिनकी संपत्ति में डॉलर की मद में सबसे अधिक बढ़ोतरी हुई। मस्क की कुल संपत्ति पिछले साल के मुकाबले 126.4 अरब डॉलर बढ़कर 151 अरब डॉलर हो गई। पिछले साल वह 24.6 अरब डॉलर के साथ इस सूची में 31वें स्थान पर थे। फोर्ब्स ने कहा कि इसकी मुख्य वजह टेस्ला के शेयरों में 705 फीसदी की बढ़ोतरी है।
भारत और एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति मुकेश अंबानी को वैश्विक अरबपतियों की सूची में 10वां स्थान मिला। उन्होंने 84.5 अरब अमेरिकी डॉलर की संपत्ति के साथ एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति का दर्जा फिर पा लिया। पिछले साल चीन के जैक मा एशिया के सबसे धनी व्यक्ति थे। इस सूची में मा पिछले साल के 17वें स्थान से गिरकर 26वें स्थान पर आ गए।