दलितों के खिलाफ उत्पीड़न बंद हो : मोदी

रविवार, 7 अगस्त 2016 (23:23 IST)
हैदराबाद। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दलितों के खिलाफ उत्पीड़न बंद करने का आह्वान करते हुए कहा है कि आज के युग में भी दलितों के खिलाफ भेदभाव तथा अत्याचार हो रहा है जो बड़े शर्म की बात है। 
      
मोदी ने यहां लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में रविवार रात भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं की एक बैठक में अपने संबोधन के दौरान जाति तथा सम्प्रदाय के आधार पर भेदभाव से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि एकता ही हमारी वास्तविक शक्ति है।
        
उन्होंने कहा कि कुछ लोग दलितों के खिलाफ हमलों तथा अत्याचारों को इसलिए नहीं उठाते हैं कि उन्हें वास्तविक रूप में दलितों की चिंता है, बल्कि वे राजनीतिक फायदे के लिए ऐसा करते हैं।
      
प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा हमेशा दलितों, पिछड़ी जातियों तथा अन्य कमजोर तबकों की समस्याओं को उठाने में अग्रणी रही है। उन्होंने कहा कि यदि लोगों को विश्वास हो जाए कि भाजपा सही मायनों में कमजोर तबकों के हितों की रक्षा करने वाली पार्टी है, तब कोई भी दल भाजपा को अगले 50 साल तक सत्ता से बाहर नहीं कर सकता। (वार्ता)

वेबदुनिया पर पढ़ें